अखिलेश यादव ने महिला समानता दिवस पर ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ घोषित की। सपा ने 2027 में सरकार बनने पर महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये और छात्राओं को लैपटॉप-साइकिल देने का वादा किया।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय महिला समानता दिवस के अवसर पर पार्टी मुख्यालय में ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ की घोषणा की। सपा ने कहा कि 2027 में सरकार बनने पर योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

महिलाओं को हर साल 40 हजार, छात्राओं को लैपटॉप-साइकिल का वादा
अखिलेश यादव ने कहा कि योजना के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही इंटर पास छात्राओं को लैपटॉप और साइकिल देने, महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का वादा किया गया। सपा ने भाजपा सरकार में बंद किए गए 26 हजार प्राइमरी स्कूलों को दोबारा खोलने, सरकारी स्कूलों में फीस माफ और निजी स्कूलों में फीस आधी करने की बात कही। न्यूट्रिशन मिशन योजना फिर शुरू करने और आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने का भी वादा किया गया।

महिला सुरक्षा और आरक्षण कानून लागू करने की मांग
अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि होगी और समाजवादी सरकार में सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू करने और 2027 के विधानसभा चुनाव से ही इसे लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रसूताओं के लिए 102 एम्बुलेंस सेवा फिर शुरू की जाएगी।

डिंपल यादव ने बताया योजना का उद्देश्य, आत्मनिर्भरता पर जोर
सांसद डिंपल यादव ने कहा कि ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक सम्मान और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और समय-समय पर इसकी समीक्षा कर जरूरी सुधार किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: भगवती सिंह की 94वीं जयंती पर अखिलेश यादव ने किया नमन, स्मारक बनाने का किया ऐलान