बुलंदशहर में अखिलेश यादव के हेलीपैड को लेकर विवाद बढ़ गया। सपा ने प्रशासन पर अनुमति न देने का आरोप लगाया, जबकि पुलिस ने मरम्मत का हवाला दिया। पढ़ें पूरी खबर।
बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश)। रिजर्व पुलिस लाइन में हेलीपैड विवाद गरमा गया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट कर प्रशासन पर हेलीपैड की मरम्मत की आड़ में अनुमति न देने का आरोप लगाया है, तो वहीं बुलंदशहर पुलिस ने हेलीपैड की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। 11 सितंबर को अखिलेश यादव का बुलंदशहर दौरा प्रस्तावित था जो अब कैंसिल हो गया है। हालांकि बुलंदशहर प्रशासन की माने तो यह दौरा पहले 12 सितंबर का था जिसकी अनुमति प्रशासन के द्वारा दे दी गई थी दोबारा से बदलकर इसे 11 सितंबर किया गया।
सड़कों पर उतरने की दी चेतावनी
पुलिस का दावा है कि सपा के कार्यक्रम की 12 सितम्बर क़ी अनुमति पहले ही कमालपुर गांव में दे दी गई थी। लेकिन सपा जिलाध्यक्ष उस अनुमति को रद्द कर फिर से रिजर्व पुलिस लाइन में हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति मांग रहे थे, जिसे मरम्मत का हवाला देकर नहीं दिया गया। वहीं सपा जिलाध्यक्ष मतलूब अली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन हेलीपैड की अनुमति नहीं मिलने से 11 सितंबर का कार्यक्रम कैंसिल करना पड़ा। साथ ही चेतावनी दी कि अगला कार्यक्रम बुलंदशहर में ही होगा, चाहे इसके लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़े। अखिलेश यादव का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन पर ही उतरेगा।
यह भी पढ़ें: सुल्तानपुर में जन्माष्टमी आयोजन में बाधा पर भड़के अखिलेश यादव, उच्चस्तरीय जांच की मांग