यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने फर्जी वोटिंग रोकने के लिए आधार से जुड़ी बायोमेट्रिक प्रणाली और मेटल कार्ड की मांग की है।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा दांव चला है। उन्होंने मांग की है कि फर्जी मतदान रोकने के लिए वोटिंग प्रक्रिया को आधार कार्ड से जोड़ा जाए और बायोमेट्रिक पहचान प्रणाली लागू की जाए।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि चुनाव को लेकर मेरी सीधी और स्पष्ट मांगें हैं। आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाए। कागज या प्लास्टिक के बजाय धातु के 'मेटल कार्ड' बनाए जाएं, ताकि उनसे किसी तरह की जालसाजी न हो सके।
अखिलेश ने आगे जोर देते हुए लिखा कि फिंगरप्रिंट या आइरिस यानी आंख की पुतली पर आधारित बायोमेट्रिक पहचान प्रणाली अपनाई जानी चाहिए। चूंकि किन्हीं भी दो लोगों के बायोमेट्रिक्स एक जैसे नहीं होते, इसलिए भाजपा चुनाव में वोटिंग की धांधली नहीं कर पाएगी।
विपक्ष का चुनाव आयोग और एसआईआर प्रक्रिया पर हमला
अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ विपक्षी दल लगातार मोर्चा खोले हुए हैं। विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर प्रक्रिया को तुरंत वापस लेने की मांग उठाई है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2017 और 2022 के चुनावों में लगातार दो हार का सामना करने के बाद समाजवादी पार्टी 2027 में सत्ता में वापसी की पुरजोर कोशिश कर रही है।
(इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: अयोध्या BJP के भ्रष्टाचार से त्रस्त: राम मंदिर चंदा चोरी मामले में अखिलेश यादव ने लगाया जांच दबाने का आरोप