अखिलेश यादव ने UPI भुगतान पर MDR चार्ज का विरोध करते हुए व्यापारियों को समर्थन दिया। समाजवादी व्यापार सभा 12 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में प्रदर्शन करेगी।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन द्वारा अपने राज में किसी बाहरी व्यक्ति को बसने के लिए ‘एक ईंट और एक सिक्का, देना ही असल समाजवाद का उदाहरण है।
व्यापारियों ने की एमडीआर चार्ज की शिकायत
महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में मिले कुछ व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने 15 अक्टूबर, 26 से केन्द्र सरकार द्वारा जबरन लगाए जा रहे यूपीआई भुगतान में एमडीआर चार्ज के बारे में जानकारी दिया और इससे फुटकर, रेहड़ी, सगड़ी, पटरी, गुमटी, खुमचा दुकानदारों सहित समस्त व्यापारियों को भविष्य में ग्राहकों से होनी वाली किचकिच, आर्थिक नुकसान आदि दिक्कतों के बारे में बताया।
12 अक्टूबर को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन करेगी सपा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यूपीआई भुगतान में एमडीआर चार्ज के विरोध में समाजवादी पार्टी दुकानदारों और व्यापारियों के साथ खड़ी रहेगी। समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 12 अक्टूबर दिन सोमवार को प्रदेश के समस्त जिलों में समाजवादी व्यापार सभा अपने जिला एवं महानगर संगठन द्वारा यूपीआई भुगतान में एमडीआर चार्ज के विरोध में प्रदर्शन करेगी।
यह भी पढ़ें: ‘हिटलर से सीखा है’: दिल्ली में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव का केंद्र पर हमला