पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शव लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस ट्रक से टकरा गई। हादसे में सूबेदार मेजर के बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई।
सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)। पंचकुला (चंडीगढ़) से सेना के सूबेदार मेजर का शव लेकर देवरिया जा रही तेज रफ्तार एंबुलेंस रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गई। हलियापुर थाना क्षेत्र में अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर के पास एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में सूबेदार के इकलौते बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बेटा गौरव सिंह (18), भाई राम समुझ (55), रिश्ते का भतीजा राजन सिंह (35) और एंबुलेंस चालक जसपाल शामिल हैं।
ट्रक से भिड़ी एंबुलेंस, चार की जान गई
हादसा सुबह करीब 8:15 बजे एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 79.6 के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। चालक जसपाल का शव स्टेयरिंग में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर से वाहन को काटकर आगे की सीट पर फंसे चालक और गौरव के शव बाहर निकाले। पीछे बैठे राम समुझ और राजन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
सेना के सूबेदार मेजर का चंडीगढ़ में निधन
पुलिस के अनुसार देवरिया के रुद्रपुर निवासी सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह मेरठ में तैनात थे। बीमारी के चलते चंडीगढ़ के कमांड अस्पताल में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। तीन दिन पहले पंचकुला में उनका निधन हो गया था। शनिवार शाम करीब चार बजे उनके भाई राम समुझ, भतीजे राजन और बेटे गौरव एंबुलेंस से शव लेकर देवरिया के लिए रवाना हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार से पीछे चल रहे थे।
नींद की झपकी से हादसे की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आना हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर सम्मान के साथ हलियापुर थाने में सुरक्षित रखवाया गया है। डीएम इंद्रजीत सिंह ने बताया कि राहत कार्य कराया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें: पूरनपुर में 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से टकराई तेज रफ्तार कार, 5 लोग गंभीर घायल