अमेठी कोतवाली क्षेत्र के बाईपास के पास खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
अमेठी (उत्तर प्रदेश)। कोतवाली क्षेत्र के बाईपास के पास खेरौना गांव निवासी 35 वर्षीय मुन्ना प्रजापति पुत्र रामसूरत प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह उसका शव घर से करीब 300 मीटर दूर बाईपास के किनारे खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
विवार शाम करीब पांच बजे कटीली झाड़ियां लेने घर से निकला था मृतक
परिजनों के मुताबिक, मुन्ना रविवार शाम करीब पांच बजे खेतों को जानवरों से बचाने के लिए कटीली झाड़ियां लेने घर से निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में उसका शव पड़ा देखा और परिजनों को सूचना दी।
लाइन की चपेट में आने से मौत की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर मुन्ना का शव मिला, उसके करीब सात फीट ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। आशंका जताई जा रही है कि लाइन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली की यह लाइन काफी नीचे है और इसे हटाने या ऊंचा कराने को लेकर कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
विद्युत विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग
घटना के बाद परिजनों ने विद्युत विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मुन्ना मेले और अन्य स्थानों पर छोटी-छोटी दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अमेठी कोतवाली प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
यह भी पढ़ेंः दिल्ली कैंट ERO का स्पष्टीकरण: निर्वाचन आयुक्त एसएस संधू को जारी नोटिस