प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अनुप्रिया का दावा, 2027 में फिर NDA सरकार

अनुप्रिया पटेल का राहुल गांधी पर निशाना, बोलीं- 2027 में फिर बनेगी एनडीए सरकार

अपना दल (एस) के स्थापना दिवस के मौके पर गुरुवार को रामपुर की स्वार विधानसभा में भव्य जनसभा का आयोजन किया गया।

Anupriya Patel: NDA Will Return to Power in 2027

रामपुर (उत्तर प्रदेश): अपना दल (एस) के स्थापना दिवस के मौके पर गुरुवार को रामपुर की स्वार विधानसभा में भव्य जनसभा का आयोजन किया गया। इस जनसभा में मुख्य अतिथि के तौर पर अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय कैबिनेट मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शिरकत की और जनता को संबोधित किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल भी मौजूद रहे। उन्होंने भी जनसभा को संबोधित किया। इस कार्यक्रम का आयोजन अपना दल (एस) के स्वार-टांडा विधायक शफीक अहमद अंसारी की ओर से किया गया था। विधायक शफीक अहमद अंसारी और पार्टी कार्यकर्ताओं ने अनुप्रिया पटेल का भव्य स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने उन्हें रामपुरी वायलिन भेंट की। इसके साथ ही पार्टी के चुनाव चिह्न कप की चांदी की प्रतिकृति भी भेंट की गई। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष रेशमा परवीन ने अनुप्रिया पटेल को चांदी का ताज पहनाकर उनका स्वागत किया।

पूरब से पश्चिम तक पार्टी का विस्तार: अनुप्रिया पटेल

जनसभा के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) का विस्तार उत्तर प्रदेश के पूरब से लेकर पश्चिम तक हो चुका है। इसी वजह से पार्टी ने इस बार अपना 31वां स्थापना दिवस रामपुर की धरती पर मनाने का फैसला किया। उन्होंने कहा, "यहां से हमारे विधायक शफीक अंसारी जी ने एनडीए के पहले मुस्लिम पसमांदा विधायक होने का गौरव भी प्राप्त किया है। पश्चिम में भी बहुत तेजी से जनता का जुड़ाव अपना दल से हो रहा है।"

2027 के चुनाव में पार्टी को मजबूत करने का लक्ष्य

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी ने सामाजिक न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि पूरब से पश्चिम तक पार्टी के समर्थक और कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का झंडा मजबूती से लहराने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद अपना दल उत्तर प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी है। कार्यकर्ता जिस गति से काम कर रहे हैं, उससे पार्टी का आगे और विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अपना दल को उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनाना है।

अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने के दावे पर कसा तंज

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विधानसभा चुनाव न लड़कर सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले बयान पर भी अनुप्रिया पटेल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "मुंगेरीलाल के हसीन सपने आपने सुने होंगे।" उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव चुनाव लड़ना चाहते हैं या नहीं, यह उनका स्वतंत्र निर्णय है, लेकिन मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली नहीं है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जो सपने देख रहे हैं, वे हकीकत में तब्दील होने वाले नहीं हैं।

बोलीं- इस बार फिर एनडीए की लगेगी हैट्रिक

अनुप्रिया पटेल ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी अखिलेश यादव से बहुत दूर है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर एनडीए की हैट्रिक लगेगी और प्रदेश में एनडीए का ही मुख्यमंत्री बनेगा।

ये भी पढ़ें: दिल्ली की हवा हुई जहरीली, AQI 482 पर पहुंचा; कई इलाकों में प्रदूषण गंभीर

Related to this topic: