रायबरेली जिले में गैस एजेंसी संचालकों की मनमानी का खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
रायबरेली: जिले में गैस एजेंसी संचालकों की मनमानी का खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। शासन के कड़े निर्देशों के बावजूद जिले के करीब 50 हजार गैस कनेक्शन धारकों की ई-केवाईसी अब तक नहीं हो सकी है।
उपभोक्ताओं के सामने एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग का संकट
ई-केवाईसी नहीं होने से उपभोक्ताओं के सामने एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग का संकट खड़ा हो गया है। परेशान उपभोक्ता पिछले ढाई महीने से रोजाना सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं, लेकिन वहां उन्हें केवल आश्वासन और अव्यवस्था ही हाथ लग रही है।
ई-केवाईसी नहीं होने पर बिना सिलेंडर वापस लौटा रहे एजेंसी कर्मी
गैस एजेंसियों के बाहर चक्कर काट रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि काउंटर पर पहुंचने के बाद कर्मचारी ई-केवाईसी नहीं होने का हवाला देकर बिना सिलेंडर दिए वापस लौटा देते हैं। इस मामले में जिला प्रशासन के आदेश भी बेअसर साबित हो रहे हैं।
एजेंसी की मनमानी से जिलाधिकारी के आदेश हवा-हवाई
बीते दिनों जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को अतिरिक्त काउंटर खोलकर ई-केवाईसी करने के निर्देश दिए थे। लेकिन, एजेंसी संचालकों की मनमानी से ये आदेश हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में स्थिति और भी अधिक खराब हैं, जहां लोगों को सही जानकारी तक नहीं मिल पा रही है।
लापरवाही बरतने पर गैस एजेंसी पर सख्त कार्रवाई
इस गंभीर लापरवाही को लेकर जिला आपूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सभी एजेंसियों को अलग से काउंटर खोलकर ई-केवाईसी के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद गैस एजेंसी संचालक लापरवाही या मनमानी करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।