कोलकाता एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा में एक बेहद गंभीर चूक का मामला सामने आया है।
कोलकाता (पश्चिम बंगाल)। कोलकाता एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा में एक बेहद गंभीर चूक का मामला सामने आया है। दिल्ली से लौट रहे अभिषेक बनर्जी के बाहर निकलने से ठीक पहले एयरपोर्ट परिसर के एग्जिट गेट पर एक कथित हथियारबंद शख्स को पकड़ा गया। इस घटना के बाद टीएमसी ने सीधे तौर पर इसे अभिषेक बनर्जी की 'हत्या की साजिश' करार दिया है और राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
दिल्ली से लौटते ही एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
यह पूरा घटनाक्रम शुक्रवार रात का है, जब टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर दिल्ली से कोलकाता वापस लौटे थे। वह बागी टीएमसी सांसदों के नेशनल सिटीजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय को चुनौती देकर वापस आ रहे थे। जैसे ही वे कल्याण बनर्जी और डेरेक ओ'ब्रायन के साथ एयरपोर्ट से बाहर निकलने वाले थे, ठीक उसी समय एग्जिट गेट पर हड़कंप मच गया।
TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने अपने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "बीती रात कोलकाता एयरपोर्ट पर मेरे दिल्ली से लैंड करने के तुरंत बाद एक चौंकाने वाली घटना हुई। हथियारबंद लोगों को पकड़ा गया है, जो सुरक्षा व्यवस्था और कुछ लोग किस हद तक जा सकते हैं, इस पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मुख्यधारा के मीडिया में इस घटना को शायद ही पर्याप्त कवरेज मिले। वीडियो देखें और खुद निष्कर्ष निकालें।"
महिला समर्थकों ने दबोचा; डेरेक ओ'ब्रायन ने शेयर किया वीडियो
टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें एक शख्स को भीड़ और विशेषकर टीएमसी की महिला समर्थकों द्वारा घेरा और पकड़ा हुआ देखा जा सकता है। डेरेक ने दावा किया कि यह शख्स सत्तारूढ़ दल भाजपा का समर्थक है और वह सीधे तौर पर अभिषेक बनर्जी पर हमले की नीयत से वहां खड़ा था।
डेरेक ओ'ब्रायन ने एक्स पर लिखा, "बंदूक के साथ भाजपा समर्थक। खौफनाक वीडियो। कल रात कोलकाता एयरपोर्ट के बाहर का एक और सबूत। क्या यह हत्या का प्रयास है?" इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा कि बंगाल पुलिस ने ऐसा होने कैसे दिया?
सुवेंदु अधिकारी सरकार पर बरसी टीएमसी, लगाया गंभीर आरोप
इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की सियासत गरमा गई है। टीएमसी ने आधिकारिक तौर पर आरोप लगाया है कि यह कोई सामान्य चूक नहीं है, बल्कि एक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को खत्म करने का 'राज्य सरकार प्रायोजित प्रयास' (State-sponsored attempt) है। पार्टी ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी तीखे सवाल दागे हैं। (Source: ANI)
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026: अमेरिका ने ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से रौंदकर राउंड ऑफ 32 में बनाई जगह