रायबरेली जिले में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत पीएसी कैंपस में चल रही फिजिकल दौड़ के दौरान सोमवार को भीषण गर्मी और तेज धूप ने अभ्यर्थियों की मुश्किलें काफी बढ़ा दीं।
रायबरेली {उत्तर प्रदेश}: जिले में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत पीएसी कैंपस में चल रही फिजिकल दौड़ के दौरान सोमवार को भीषण गर्मी और तेज धूप ने अभ्यर्थियों की मुश्किलें काफी बढ़ा दीं। रनिंग के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से कई महिला अभ्यर्थियों समेत करीब चार दर्जन से अधिक अभ्यर्थी मैदान में ही गश खाकर गिर पड़े। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। आनन-फानन में बीमार अभ्यर्थियों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
तेज धूप बनी अभ्यर्थियों के लिए मुसीबत
सोमवार को रायबरेली में लगभग 1050 अभ्यर्थियों की रनिंग होनी थी। सुबह से ही आसमान साफ होने के कारण धूप काफी तेज थी। इसी चिलचिलाती धूप और उमस के बीच दौड़ लगाने के कारण बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं की हालत अचानक बिगड़ने लगी। जिला अस्पताल पहुंची महिला अभ्यर्थियों ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि मैदान में दौड़ के वक्त धूप बहुत ज्यादा तेज थी। लगातार रनिंग करने के बाद उनके सिर में तेज चक्कर आने लगा और वे खुद को संभाल नहीं पाईं तथा जमीन पर गिर पड़ीं।
करीब 50 अभ्यर्थी अस्पताल पहुंचे
अस्पताल लाए गए अभ्यर्थियों में प्रतापगढ़ की रहने वाली 25 वर्षीय कविता, 24 वर्षीय पूर्णिमा, कानपुर की 33 वर्षीय ज्योति गुप्ता और 22 वर्षीय दिव्या समेत कई अन्य लोग शामिल हैं। जिला अस्पताल की स्टाफ नर्स ने जानकारी दी कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान तबीयत बिगड़ने से जुड़े मामलों में लगभग 50 लोग अब तक अस्पताल आ चुके हैं। इनमें से कुछ अभ्यर्थियों को प्राथमिक उपचार के बाद राहत मिलने पर घर भेज दिया गया है, जबकि कुछ की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
अभ्यर्थियों ने जताई नाराजगी
अस्पताल पहुंचे अभ्यर्थियों और उनके परिजनों का कहना है कि इतनी भीषण और तेज धूप में शारीरिक क्षमता (फिजिकल) की परीक्षा आयोजित कराना बहुत मुश्किल और जोखिम भरा है। हालांकि, इतनी परेशानियों और प्रशासनिक अफरा-तफरी के बीच भी पीएसी कैंपस में भर्ती प्रक्रिया के तहत रनिंग का सिलसिला लगातार जारी रहा। इस स्थिति ने एक बार फिर खुले मैदान में चिलचिलाती धूप के दौरान होने वाले फिजिकल टेस्ट्स की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें: स्कूल में दो छात्रों ने छठी कक्षा के छात्र को जमीन पर पटका, हुआ बेहोश; अस्पताल में भर्ती