सांप के काटने से 22 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। घटना टंडवा थाना क्षेत्र के गजना धाम के समीप सीता गांव की है। मृतक की पहचान उसी गांव निवासी राजाराम पाल के पुत्र अजीत पाल के रूप में की गई है।
औरंगाबाद {बिहार}: सांप के काटने से 22 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। घटना टंडवा थाना क्षेत्र के गजना धाम के समीप सीता गांव की है। मृतक की पहचान उसी गांव निवासी राजाराम पाल के पुत्र अजीत पाल के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, अजीत को सोमवार की देर रात घर के पास ही एक विषैले सांप ने काट लिया। सर्पदंश के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे लेकर औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद अजीत को मृत घोषित कर दिया। हालांकि, साथ आए परिजन और ग्रामीण उसकी मौत को लेकर संतुष्ट नहीं थे। परिवार की संतुष्टि के लिए अस्पताल में ईसीजी भी कराया गया, लेकिन तब तक अजीत की मौत हो चुकी थी। अजीत की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
ग्रामीण इलाकों में बढ़ी सर्पदंश की घटनाएं
स्थानीय लोगों के अनुसार, इन दिनों जिले के ग्रामीण इलाकों में सर्पदंश की घटनाएं सामने आ रही हैं। विषैले सांपों के काटने से कई लोगों की जान जाने की बात भी सामने आती रही है। अजीत की मौत ने एक बार फिर सर्पदंश को लेकर सतर्कता और समय पर इलाज की जरूरत को सामने रखा है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
इधर, पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: भिंड में शराब की होम डिलीवरी का भंडाफोड़, दोस्त के घर से मिला 1.10 लाख की शराब का जखीरा