औरंगाबाद के कंचनपुर थाना क्षेत्र में ईंट लदा ट्रैक्टर पलटने से मजदूर धनंजय रिकियासन की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
औरंगाबाद (बिहार)। देव प्रखंड अंतर्गत कंचनपुर थाना क्षेत्र के पचोखर-सुंदर बिगहा गांव के बीच पानी टंकी के समीप ईंट लदे ट्रैक्टर के पलटने से एक मजदूर की दबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान देव थाना क्षेत्र के रघुनी बिगहा निवासी 28 वर्षीय धनंजय रिकियासन के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
नियंत्रण खोने से 20 फीट गड्ढे में गिरा ट्रैक्टर
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी। धनंजय मजदूरी करता था और घोड़ाडीह स्थित एक ईंट-भट्ठे से ट्रैक्टर पर ईंट लादकर किसी स्थान पर पहुंचाने जा रहा था। ईंट लेकर जा रहे चालक ने पचोखर-सुंदर बिगहा गांव के बीच पानी टंकी के पास ट्रैक्टर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रैक्टर इंजन और ट्रॉली समेत सड़क किनारे करीब 20 फीट गड्ढे में पलट गया।
इलाज के लिए ले जाते समय मजदूर ने तोड़ा दम
इस दौरान ट्रैक्टर पर बैठा धनंजय ट्रैक्टर पर लदी ईंटों के नीचे दब गया और सिर पर चोट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और धनंजय को गंभीर रूप से घायल समझकर इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए।
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रभारी थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक का गाड़ी से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। हादसे के बाद फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े: जमुई में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, ससुराल ने बताया आत्महत्या और मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप