प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मैहर रेलवे स्टेशन पर हादसा

मैहर: मां शारदा के दर्शन कर लौट रहे दंपती के साथ रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा

मैहर रेलवे स्टेशन पर मां शारदा के दर्शन करके लौट रहे एक दंपती के साथ ट्रेन में चढ़ने के दौरान हादसा हो गया, जिसमें दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मैहर मां शारदा के दर्शन कर लौट रहे दंपती के साथ रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा

representative image |

मैहर। मां शारदा के दर्शन कर घर लौट रहे बिहार के एक दंपती के साथ मैहर रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम हादसा हो गया। मुंबई-हावड़ा एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान पति का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के साथ लटक गया। पति को खतरे में देख पत्नी ने भी घबराहट में चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में पत्नी को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि पति को मामूली चोटें लगी हैं। दोनों को उपचार के लिए मैहर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्रेन में चढ़ने के दौरान बिगड़ा संतुलन

जानकारी के अनुसार, बिहार के नवादा जिले के सग्वेंज गांव निवासी रामाधार शाह अपनी पत्नी आशा देवी शाह के साथ मां शारदा के दर्शन करने मैहर आए थे। दर्शन के बाद दोनों शनिवार शाम अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब 6 बजे मैहर रेलवे स्टेशन पर मुंबई-हावड़ा एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12322) रवाना हो रही थी। इसी दौरान आशा देवी ट्रेन की आगे की बोगी में चढ़ गईं, जबकि उनके पति पीछे की बोगी में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच ट्रेन चलने लगी और रामाधार शाह का संतुलन बिगड़ गया।

पति को खतरे में देख पत्नी ने भी लगाई छलांग

पति को ट्रेन के साथ लटकता देख आशा देवी घबरा गईं और उन्होंने भी चलती ट्रेन से नीचे छलांग लगा दी। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। मौके पर तैनात जीआरपी और आरपीएफ के जवान तत्काल सक्रिय हुए और दोनों को रेलवे ट्रैक से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से मैहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

पत्नी को गंभीर चोटें, पति का भी चल रहा इलाज

हादसे में आशा देवी को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि रामाधार शाह को मामूली चोटें लगने की जानकारी सामने आई है। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है। रेलवे स्टेशन पर हुई यह घटना यात्रियों के लिए एक बार फिर सतर्कता का संदेश है। चलती ट्रेन में चढ़ना या उतरना जानलेवा साबित हो सकता है। 

यह भी पढ़ेंः अरब सागर में तेल टैंकर में आग लगने के बाद यूएई नेशनल गार्ड ने 22 एशियाई नागरिकों को बचाया

Related to this topic: