प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

उत्तर कोयल नहर में डूबने से वृद्ध की मौत

औरंगाबाद में उत्तर कोयल नहर में डूबने से वृद्ध की मौत, री-मॉडलिंग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र में उत्तर कोयल नहर में डूबने से 50 वर्षीय कृष्णा पासवान की मौत हो गई। ग्रामीणों ने नहर री-मॉडलिंग में सुरक्षा की अनदेखी का आरोप लगाया।

औरंगाबाद में उत्तर कोयल नहर में डूबने से वृद्ध की मौत री-मॉडलिंग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

Aurangabad: Elderly Man Dies Drowning in Canal, Villagers Raise Safety Concerns |

औरंगाबाद (बिहार)। कुटुंबा थाना क्षेत्र के ढ़ीबर पिपरा गांव के समीप उत्तर कोयल नहर में रविवार को डूबने से एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान मिर्जापुर गांव निवासी 50 वर्षीय कृष्णा पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि नहर की री-मॉडलिंग और नए डिजाइन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। 

नहर में तैरता मिला शव

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर स्थानीय लोगों ने नहर के फाटक के पास शव को पानी में तैरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद तथा पोकलेन मशीन के सहारे काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकलवाया। 

शौच के दौरान हादसे की आशंका

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों ने बताया कि कृष्णा पासवान रविवार सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। आशंका है कि नहर किनारे उनका पैर फिसल गया, जिससे वे गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने उत्तर कोयल नहर के री-मॉडलिंग कार्य पर गंभीर सवाल उठाए हैं। 

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

उनका आरोप है कि आधुनिकीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई है। पहले नहर में जगह-जगह बनी सीढ़ीनुमा ढलान दुर्घटना की स्थिति में लोगों और मवेशियों के बाहर निकलने का सहारा बनती थी, लेकिन नए निर्माण में ऐसी व्यवस्थाएं हटा दी गई हैं। साथ ही नहर के स्वरूप में भी बदलाव कर सुरक्षा से समझौता किया गया है। 

जांच और मुआवजे की मांग

ग्रामीणों ने चिंता जताई है कि यदि नहर के डिजाइन की समीक्षा कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में इस तरह की और भी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से री-मॉडलिंग कार्य की जांच कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार तथा मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग की है। 

यह भी पढ़े:    शाजापुर में अतिथि शिक्षकों का प्रदर्शन, नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर दी आंदोलन की चेतावनी

Related to this topic: