कार्रवाई में कुल 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया जिनमें से 21 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
औरंगाबाद (बिहार)। मादक प्रदार्थों की खरीद फरोख्त यथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर औरंगाबाद पुलिस ने सघन अभियान चलाया। इस क्रम में रविवार की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई। कार्रवाई में कुल 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया जिनमें से 21 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, हत्या के शीर्ष में एक, पोक्सो में एक, एससी-एसटी एक्ट में दो, हत्या के प्रयास में 13, मद्य निषेध अधिनियम के तहत तीन तथा अन्य मामलों में 25 लोगों की गिरफ्तारी की गई। इसके अलावा 60 लीटर देसी शराब बरामद किया गया है। वहीं वाहन जांच अभियान के तहत 999 वाहनों की जांच की गई जिसमें 12500 रूपये शमन की राशि वसूल की गई। पुलिस पदाधिकारी उपेंद्र नाथ वर्मा की माने तो इस जद में जो भी पकड़े जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएंगी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी के पास भी नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना हो तो पुलिस से साझा करें सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।