प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

औरंगाबाद में मिड डे मील घोटाले का आरोप

औरंगाबाद में मिड डे मील घोटाले का आरोप: 41 बोरा चावल से भरी पिकअप जब्त, प्रधानाध्यापक पर बेचने का दावा

औरंगाबाद के एक विद्यालय में मिड डे मील के 41 बोरा चावल बाजार में बेचने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने पिकअप जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

औरंगाबाद में मिड डे मील घोटाले का आरोप 41 बोरा चावल से भरी पिकअप जब्त प्रधानाध्यापक पर बेचने का दावा

Aurangabad MDM Scam: 41 Bags of Rice Seized, Headmaster Accused |

औरंगाबाद (बिहार)। कुटुंबा प्रखंड के मध्य विद्यालय किशुनपुर में मिड डे मील योजना में कथित अनियमितता का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक राम पुकार मेहता पर मिड डे मील का 41 बोरा चावल बाजार में बेचने का आरोप लगाते हुए उन्हें रंगे हाथ पकड़ने का दावा किया है।

चावल से लदी पिकअप वैन जब्त

सूचना पर पहुंची अंबा थाना पुलिस ने चावल से लदे पिकअप वैन को जब्त कर लिया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने थाने में लिखित शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार दोपहर प्रधानाध्यापक स्वयं आगे-आगे चल रहे थे और उनके पीछे मिड डे मील के चावल से लदा पिकअप वैन स्कूल से बाजार की ओर जा रहा था। 

डायल 112 पर दी गई सूचना

संडा गांव के समीप एक युवक को संदेह होने पर वाहन रुकवाया गया। पूछताछ के दौरान चालक द्वारा दिखाए गए दस्तावेजों से ग्रामीणों ने चावल विद्यालय का होने का दावा किया। इस दौरान खुद को घिरता देख प्रधानाध्यापक मौके से चले गए। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानाध्यापक चावल बेचने के आरोपों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

मिड-डे मील चावल बिक्री का आरोप

इसके बाद अंबा थाना पुलिस ने पिकअप वैन पर लदे 41 बोरा चावल को जब्त कर लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित प्रधानाध्यापक पर पूर्व में भी मिड डे मील का चावल बेचने तथा विद्यालय संचालन में अनियमितता के आरोप लगते रहे हैं। उनका कहना है कि शिकायतें और खबरें सामने आने के बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारियों की कथित मिलीभगत से हर बार मामला दबा दिया गया।

शिक्षा विभाग ने चावल वापस कराने की कोशिश

घटना के बाद पहुंचे शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने चावल को वापस विद्यालय में उतरवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने इसे मामले को दबाने की कोशिश बताते हुए विरोध किया और आरोपी के विरुद्ध गिरफ्तारी व निष्पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रणविजय कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। 

विभागीय स्तर पर जांच जारी

इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है तथा विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। मौके पर ग्राम पंचायत संडा के मुखिया गुलाम सरवर, पंचायत समिति प्रतिनिधि दिलीप कुमार पासवान, सरपंच रमेश मालाकार, वार्ड सदस्य एजाज अंसारी, मुकेश कुमार, अक्षय कुमार, कुंदन मालाकार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

यह भी पढ़े:   नरसिंहपुर में ट्रेन की बोगी के ब्रेक जाम, चिंगारी और धुएं से यात्रियों में मचा हड़कंप

Related to this topic: