औरंगाबाद की रिसियप पुलिस ने आभूषण साफ करने के नाम पर ठगी करने वाले दो अंतरजिला अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से सोने के गहने और अन्य सामान बरामद हुए।
औरंगाबाद (बिहार)। आभूषण साफ करने के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर अंतर जिला अपराधियों को रिसियप पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अपराधियों की पहचान बेगूसराय जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र के गणेश साह के पुत्र सिकंदर कुमार एवं समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के ललन साह के पुत्र मन्टून साह के रूप में की गई है। इनके पास से सोने की ज़ेवर के साथ अन्य सामग्रियां बरामद की गई हैं।
ठगी की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया था मामला
पुलिस इनके आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है। दरअसल, 19 नवंबर 2025 को वादी के द्वारा लिखित आवेदन के माध्यम से रिसियप थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि 18 नवंबर 2025 को दोपहर 2:30 बजे पूर्वाह्न थाना क्षेत्र के धनुबिगहा स्थित वादी के घर में दो अज्ञात अपराधकर्मियों के द्वारा आभूषणों की साफ-सफाई करने के नाम पर आभूषणों की ठगी कर ली गई है। इस संदर्भ में लिखित आवेदन के आधार पर रिसियप थाना में अज्ञात अपराधकर्मियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से पकड़े गए आरोपी
इसके बाद पुलिस के द्वारा सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण एवं आसूचना संकलन के आधार पर रिसियप थाना मोड़ के पास से दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी के क्रम में उनके बाइक के सीट के नीचे रखे सोने के बने आभूषण एवं अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ ने बताया कि पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार किया है।
सोने के आभूषण और सामान बरामद, आरोपी जेल भेजे गए
इनके पास से 2 सोना का झुमका, 1 मंगलसूत्र, 6 मोती, 6 मोंगा, 2 मोबाईल, 1 बाइक, 2 डिब्बा आभूषण साफ करने वाला पदार्थ, 1 डिब्बा पाउडर, 1 डिब्बा उजला रंग का पदार्थ बरामद किया गया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इनके आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़े: कर्नाटक में RSS की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक शुरू, शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों और संगठन विस्तार पर मंथन