औरंगाबाद पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत 49 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में शराब, वाहन और अवैध सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
औरंगाबाद (बिहार)। जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर औरंगाबाद पुलिस ने सघन अभियान चलाया। इस क्रम में मंगलवार की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई। कार्रवाई में कुल 49 लोगों को गिरफ्तार किया गया जिनमें से 13 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
हत्या के प्रयास, शराब और अन्य मामलों में हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, एससी-एसटी एक्ट में तीन, हत्या के प्रयास में तीन, मद्य निषेध अधिनियम के तहत पांच तथा अन्य मामलों में 38 लोगों की गिरफ्तारी की गई। इसके अलावा 35.40 लीटर देसी शराब, एक बाइक, एक कार एवं 341.20 सीएफटी डस्ट स्टोन बरामद किया गया है। वाहन जांच अभियान के तहत 948 वाहनों की जांच की गई जिसमें 17500 रूपये शमन की राशि वसूल की गई। पुलिस पदाधिकारी उपेंद्र नाथ वर्मा की माने तो इस जद में जो भी पकड़े जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएंगी।
अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए लगातार अभियान जारी
पुलिस पदाधिकारी उपेंद्र नाथ वर्मा के अनुसार जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के साथ साथ अन्य अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की पुलिस ने की अपील
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दे ताकि समय के साथ कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें: बिहार में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 15 हजार रुपये रिश्वत लेते पंचायत सचिव रंगेहाथ गिरफ्तार