अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देशानुसार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
औरंगाबाद {बिहार}: अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देशानुसार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में मंगलवार की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के फलस्वरूप 60 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 24 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
दुष्कर्म और हत्या के मामलों में भी गिरफ्तारियां
जानकारी के अनुसार, दुष्कर्म में चार, हत्या के शीर्ष में एक, हत्या के प्रयास में चार, मद्य निषेध अधिनियम के तहत सात तथा अन्य मामलों में 44 लोगों की गिरफ्तारी की गई। 567.50 लीटर देसी शराब, 6 लीटर विदेशी शराब, एक बाइक, एक कार एवं 28,700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
1160 वाहनों की जांच, 60 हजार का जुर्माना
वाहन जांच अभियान के तहत 1160 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 60,000 रुपये शमन की राशि वसूल की गई। इसके अलावा 3500 लीटर महुआ घोल विनष्ट एवं पांच भट्ठियां ध्वस्त की गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखने की अपील
उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी के पास भी नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना हो तो पुलिस से साझा करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें: बिबियापुर गोसाईं में छत की ढलाई के दौरान हादसा, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया