औरंगाबाद में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए सघन वाहन जांच और छापेमारी अभियान में पुलिस ने 36 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान अवैध शराब, वाहन और भारी मात्रा में शमन राशि वसूल की गई।
औरंगाबाद (बिहार)। पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार वर्मा के निर्देश पर बुधवार की देर रात जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण को लेकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध हथियार, मादक पदार्थ और अन्य अवैध सामग्रियों की तस्करी पर रोक लगाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। अभियान के फलस्वरूप जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के फलस्वरूप 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 19 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
भारी मात्रा में शराब और वाहन जब्त
पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पॉक्सो में एक, हत्या के प्रयास में पांच, मद्य निषेध अधिनियम के तहत आठ तथा अन्य मामलों में 22 लोगों की गिरफ्तारी की गई। 306.10 लीटर देसी शराब, दो बाइक, एक ऑटो एवं एक स्कूटी जब्त किया गया है। वाहन जांच अभियान के तहत 990 वाहनों की जांच की गई जिसमें 92500 रूपये शमन की राशि वसूल की गई। 24 वारंट एवं एक कुर्की का निष्पादन किया गया है। इसके अलावा 200 लीटर महुआ घोल विनिष्ट किया गया है।
अपराध नियंत्रण के लिए लगातार जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए पुलिस की सक्रियता के साथ विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ताकि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी के पास भी नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना हो तो पुलिस से साझा करें सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें: जमुई के बाद अब समस्तीपुर में युवती को घेरकर अभद्रता, वीडियो वायरल होने के बाद चार गिरफ्तार