अयोध्या तीर्थ क्षेत्र में कथित दान प्रकरण की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट गृह विभाग को सौंप दी है।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। अयोध्या तीर्थ क्षेत्र में कथित दान प्रकरण की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट गृह विभाग को सौंप दी है। एसआईटी के प्रमुख सदस्य एवं लखनऊ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत ने मंगलवार को टीम के अन्य दो सदस्यों के साथ अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद को यह प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी।
योगी सरकार ने ट्रस्ट के अनुरोध पर बनाई थी जांच टीम
मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने बताया कि यह प्रारंभिक प्रतिवेदन है। गौरतलब है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर योगी सरकार ने एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी प्रकरण से संबंधित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इससे पहले अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक नई याचिका दायर की गई थी। याचिका में एफआईआर दर्ज कर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के तहत विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग की गई थी।
बैंक रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग
अधिवक्ता अजय कुमार राय और दिनेश कुमार यादव द्वारा दायर याचिका में ट्रस्ट और उत्तर प्रदेश सरकार को दान रजिस्टर, ऑडिट रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, बैंक रिकॉर्ड तथा अन्य वित्तीय दस्तावेज सुरक्षित रखने का निर्देश देने की मांग की है। याचिका में यह भी मांग की गई है कि मामले से जुड़े किसी भी दस्तावेज, संपत्ति, निधि या इलेक्ट्रॉनिक डेटा को नष्ट करने, बदलने या स्थानांतरित करने से रोका जाए, ताकि जांच प्रभावित न हो।
यह भी पढ़ें: भारतीय शिक्षा बोर्ड से जुड़े यूपी के स्कूलों को मिलेंगे यू-डायस प्लस कोड