आजमगढ़ में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से कथित मारपीट और गर्भपात कराने के मामले में निजामाबाद पुलिस ने वांछित पति को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। आजमगढ़ में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से कथित मारपीट और गर्भपात कराने के मामले में पुलिस ने वांछित पति को गिरफ्तार किया है। निजामाबाद पुलिस ने आरोपी को शेरपुर तिराहे से गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, विवाहिता के पिता की तहरीर पर आरोपी और उसके ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दवा खिलाकर गर्भपात कराने का आरोप, पिता ने दी थी तहरीर
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई 2026 को निजामाबाद थाना क्षेत्र के तोवा (अल्लाहपुर) निवासी सुधाकर यादव ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री के ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि पति ने विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे दवा खिला दी, जिससे करीब दो माह का गर्भ नष्ट हो गया।
मारपीट कर घर से निकाला, धमकी देने का भी आरोप
इसके बाद उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए घर से निकाल दिया गया तथा धमकी भी दी गई।तहरीर के आधार पर थाना निजामाबाद में मुकदमा संख्या 178/2026 के तहत धारा 85, 115(2), 352, 351(3), 89 बीएनएस और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया था।
शेरपुर तिराहे से आरोपी पति गिरफ्तार, कोर्ट भेजा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत निजामाबाद पुलिस ने मंगलवार को आरोपी अवनीश यादव पुत्र कर्मराज यादव, निवासी पनकरपुर, थाना अहरौला, आजमगढ़, उम्र करीब 29 वर्ष को शेरपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
यह भी पढ़ें: मुरैना में खेत में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश, 10 जुआरी गिरफ्तार और 4 लाख नकद बरामद