थाना सरायमीर पुलिस ने कुँवर नदी किनारे प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।
आजमगढ़ {उत्तर प्रदेश}: थाना सरायमीर पुलिस ने कुँवर नदी किनारे प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा-कारतूस के साथ गोवंश वध में प्रयुक्त चापड़, दो चाकू और लकड़ी का ठीहा बरामद किया गया है।
नदी किनारे मिले थे पशुओं के अवशेष
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को सरायमीर थाना क्षेत्र के सदरपुर (शाहपुर) गांव में कुँवर नदी के किनारे खेत में दो प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिले थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पशु चिकित्साधिकारी द्वारा अवशेषों का परीक्षण कर आवश्यक नमूने सुरक्षित किए गए। मामले में अज्ञात के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की रात मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल कुछ आरोपी वध में प्रयुक्त हथियार लेकर सदरपुर (शाहपुर) से कादनपट्टी की ओर जा रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की।
तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
पुलिस टीम को देखकर चार आरोपी भागने लगे। पीछा करने पर तीन आरोपी अंधेरे, खेतों और भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को पुलिस ने घेर लिया। पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद दोबारा फायरिंग का प्रयास करने पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल आजमगढ़ भेजा गया।
तमंचा और वध में इस्तेमाल हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. साबिर पुत्र स्व. शकील, निवासी शाहपुर (सदरपुर), थाना सरायमीर, के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे/निशानदेही से .315 बोर का देशी तमंचा, एक फायरशुदा खोखा, एक जिंदा कारतूस, एक चापड़, दो चाकू और लकड़ी का गोलाकार ठीहा बरामद किया है।
फॉरेन्सिक साक्ष्य भी जुटाए गए
मौके से फील्ड यूनिट ने खूनआलूदा व सादी मिट्टी, हैंड स्वाब समेत अन्य फॉरेन्सिक साक्ष्य भी संकलित किए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में घायल आरोपी साबिर ने घटना में अपने तीन साथियों सैफ, आजम उर्फ पप्पू और असजद के शामिल होने की जानकारी दी है।