विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे और दान की चोरी के मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने मंदिर परिसर से बेहद महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत अपने कब्जे में ले लिए हैं।
चमोली (उत्तराखंड)। विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे और दान की चोरी के मामले में विशेष जांच दल (SIT) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। मामले की तह तक जाने के लिए एसआईटी ने मंदिर परिसर से बेहद महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत अपने कब्जे में ले लिए हैं। इस कार्रवाई के बाद मंदिर प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई रसूखदार लोग जांच के दायरे में आ गए हैं।
डिलीटेड डेटा खोलेगा राज, FSL भेजी जाएगी हार्ड डिस्क
मामले की जानकारी देते हुए एसआईटी अधिकारी महादेव उनियाल ने बताया कि पुलिस ने मंदिर के चढ़ावे के प्रबंधन में हुई धांधली को पकड़ने के लिए सर्विलांस रिकॉर्ड को पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लिया है। एसआईटी अधिकारी महादेव उनियाल ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में पुष्टि की, "हमने मंदिर परिसर के भीतर स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम से एक एनवीआर (नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर) को अपने कब्जे में ले लिया है। इसमें 22 जून और 25 जून की पूरी सीसीटीवी फुटेज मौजूद है। हमने इसे आधिकारिक रूप से सील और जब्त कर लिया है।"
महत्वपूर्ण रिकॉर्डिंग्स के साथ हुई छेड़छाड़
जांच अधिकारी ने आगे एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि कुछ बेहद महत्वपूर्ण रिकॉर्डिंग्स के साथ छेड़छाड़ की गई है या उन्हें पूरी तरह हटा दिया गया है। महादेव उनियाल ने कहा, "इसके अलावा पिछली नकदी गिनती (Cash Counting) सत्रों से संबंधित जो फुटेज डिलीट कर दी गई है, उसे डेटा रिकवरी के लिए फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) भेजा जाएगा।"
रडार पर कई संदिग्ध, बढ़ सकता है जांच का दायरा
जब एसआईटी अधिकारी से इस महाघोटाले में अन्य लोगों या मंदिर से जुड़े किसी बड़े नेटवर्क की संलिप्तता के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया कि इस मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा, 'सीसीटीवी फुटेज और शुरुआती तफ्तीश में कुछ संदिग्ध व्यक्ति नजर आए हैं, जिन्हें लेकर वर्तमान में एक गहन और विस्तृत जांच चल रही है।" इससे पहले 14 जुलाई को, बद्रीनाथ मंदिर में दान की कथित चोरी की जांच के लिए बनाई गई एक कमेटी ने बद्रीनाथ धाम का दौरा किया और दान को कैसे हैंडल और ट्रांसपोर्ट किया जाता है, इस प्रोसेस और काउंटिंग रूम के अंदर के इंतज़ामों का रिव्यू किया।
(भाषांतर: Ravi Pandey | इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त, केंद्र और दिल्ली सरकार को नोटिस