बहराइच में गोण्डा-बहराइच राजमार्ग पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 32 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई। चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक शौच के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान गोण्डा-बहराइच राजमार्ग पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ईश्वरनाथ पुरवा गांव निवासी रंजीत शुक्ला (32) पुत्र मिट्ठूलाल शुक्ला मंगलवार रात करीब घर से शौच के लिए निकले थे। थाना क्षेत्र से लगभग 200 मीटर दूर गोण्डा-बहराइच राजमार्ग के पास सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रंजीत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन
घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो रंजीत सड़क पर मृत अवस्था में पड़े मिले। परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की अज्ञात वाहन की तलाश
सूचना मिलते ही विशेश्वरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष संदीप कुमार दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसा करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें: रायबरेली में बड़े भाई ने छोटे भाई की ईंट से पीटकर हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार