बांदा के कुमेंढा गांव में 25 वर्षीय युवक का शव मुर्गी फार्म के छप्पर में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बांदा (उत्तर प्रदेश)। बीती रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद 25 वर्षीय युवक ने कहा, “मुर्गी फार्म जा रहा हूं” लेकिन इसके बाद वह दोबारा घर नहीं लौट सका। देर रात मुर्गी फार्म पहुंचे बड़े भाई ने युवक को छप्पर में फंदे से लटका देखा तो उसके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मुर्गी के कारोबार में हुआ था काफी नुकसान
घटना मरका थाना क्षेत्र के कुमेंढा गांव की है। गांव निवासी पुष्पेंद्र कुशवाहा गांव से करीब 500 मीटर दूर मुर्गी फार्म चलाता था। परिजनों के मुताबिक,बीती रात उसने परिवार के साथ खाना खाया। इसी दौरान उसने मुर्गी के कारोबार में काफी नुकसान होने की बात कही थी। पिता ने उसे समझाते हुए कहा था कि धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा।
देर रात पुष्पेंद्र फंदे से लटका मिला
रात करीब एक बजे पुष्पेंद्र का बड़ा भाई धर्मेंद्र बांदा से वापस आया। देर रात होने के कारण वह घर जाने के बजाय सीधे मुर्गी फार्म पहुंचा। वहां का दृश्य देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पुष्पेंद्र छप्पर में लगी धन्नी से रस्सी के फंदे के सहारे लटका मिला।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। मृतक तीन भाइयों और चार बहनों में तीसरे नंबर का था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मरका थानाध्यक्ष सूबेदार बिंद ने बताया कि मृतक के पिता की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
यह भी पढ़े: सिरोही में पुलिस अभिरक्षा से मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी फरार, पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी