बांदा के बिसंडा में भाभी के 9 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी करने वाला देवर गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सभी जेवर बरामद कर लिए।
बांदा (उत्तर प्रदेश)। घर में रखे करीब 9 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी हो गए। परिवार को लगा कि कोई बाहरी चोर घर में सेंध लगा गया, लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि परिवार भी हैरान रह गया। बिसंडा थाना क्षेत्र के सिकलोढ़ी गांव में 15 अगस्त को भाभी के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया। 16 अगस्त को पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और चोर की तलाश में टीम लगा दी।
बाहर का चोर नहीं… घर का ही निकला!
पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान रामबली पुत्र दयाराम का नाम सामने आया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 18 अगस्त को उसे गोकुल पुरवा-इटरा मिलौली मार्ग स्थित पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी भाभी के आभूषण चोरी किए थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए।
9 लाख के जेवर बरामद
पुलिस के अनुसार बरामद सामान में झुमकी, मंगलसूत्र, मनचली, लॉकेट माला, छागल, हाफपेटी, कमरपेटी और दो जोड़ी पायल शामिल हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी रामबली के खिलाफ मु0अ0सं0 388/26, धारा 305(ए)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। घर के भरोसे पर हाथ डालने वाला आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया और भाभी के लाखों के गहने वापस मिल गए।
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में राप्ती नदी में डूब रहे युवक की पीएसी बाढ़ राहत दल ने बचाई जान