प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

शादी के पांच महीने बाद उजड़ा परिवार का सपना

बांदा में शादी के पांच महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, रसोई में फंदे पर लटका मिला शव

बांदा के महेदू गांव में शादी के पांच महीने बाद 22 वर्षीय नवविवाहिता सीमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रसोई में फंदे पर लटका मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

बांदा में शादी के पांच महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत रसोई में फंदे पर लटका मिला शव

Newlywed Woman Found Dead in Banda |

बांदा (उत्तर प्रदेश)। पांच महीने पहले जिस घर में शादी की खुशियों के बीच शहनाइयां गूंजी थीं, उसी घर में सोमवार को अचानक चीख-पुकार और मातम छा गया। शादी के महज पांच महीने बाद ही 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर की रसोई में उसका शव फंदे पर लटका मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया। घटना की खबर मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोगों में कोहराम मच गया। कम उम्र में बेटी की मौत की खबर से मायके वाले बदहवास हो उठे।

सूरत से लौटा था पति, घर में अकेली थी सीमा

मामला चिल्ला थाना क्षेत्र के महेदू गांव का है। गांव निवासी रविंद्र पाल सूरत में रहकर मजदूरी करता है। बताया गया कि वह दो दिन पहले ही सूरत से अपने गांव लौटा था। सोमवार को घर में पति-पत्नी ने साथ बैठकर खाना खाया। इसके कुछ देर बाद रविंद्र किसी काम से खेत चला गया। घर में सीमा अकेली रह गई। इसी बीच उसने संदिग्ध परिस्थितियों में रसोई के अंदर फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो घर में अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम

आनन-फानन में परिजन उसे लेकर तिंदवारी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सीमा की शादी इसी वर्ष पांच मई 2026 को रविंद्र पाल के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों का दांपत्य जीवन अभी ठीक से शुरू भी नहीं हो पाया था कि इस दर्दनाक घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस बेटी को माता-पिता ने कुछ महीने पहले हंसी-खुशी विदा किया था, उसकी असमय मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज़

मृतका के पिता मातादीन पाल ने बताया कि उनकी बेटी को पति से कोई परेशानी नहीं थी। उन्होंने बेटी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने की बात भी कही। हालांकि,नवविवाहिता की अचानक हुई मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। सूचना मिलने पर चिल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें: बरेली में दीपावली की रात 17 वर्षीय छात्रा ने दी जान, चाचा पर मारपीट का आरोप

Related to this topic: