बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद दिल्ली से घर आए 25 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बांदा (उत्तर प्रदेश)। अतर्रा तहसील के बिसंडा थाना क्षेत्र में मामूली घरेलू विवाद ने एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। बहन की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली से घर आए 25 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर कीटनाशक दवा खा ली। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक ने कथित रूप से पी कीटनाशक
जानकारी के अनुसार, गिरधारी पुरवा निवासी 25 वर्षीय प्रमोद पुत्र जुगराज शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे घरेलू कहासुनी के बाद कथित रूप से कीटनाशक दवा पी गया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उसे सीएचसी बिसंडा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जाता है कि इलाज के दौरान प्रमोद ने खुद अपने पिता से कीटनाशक दवा खाने की बात स्वीकार की। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद शनिवार को उसने दम तोड़ दिया।
युवक दिल्ली में करता था मजदूरी मजदूरी
परिजनों के मुताबिक, प्रमोद दिल्ली में मजदूरी करता था और करीब एक माह पहले अपनी बहन अंजली की शादी में शामिल होने के लिए गांव आया था। शादी के बाद भी वह घर पर ही रुका हुआ था। परिवार में वह तीन भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था तथा अविवाहित था। पिता के साथ दो बीघा खेत में खेती-बाड़ी में भी हाथ बंटाता था।
युवक की मौत से परिवार में कोहराम
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां रतनिया का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बबेरू क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: 173 ग्राम MD ड्रग्स और 24.5 किलो केमिकल जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार