प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बाराबंकी में दर्दनाक हादसा

बाराबंकी में तेज रफ्तार बस ने ऑटो को मारी टक्कर, पिता और 5 साल की बेटी की मौत

बाराबंकी के पलहरी में बस की टक्कर से ऑटो सवार पिता और 5 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। हादसे में पत्नी गंभीर घायल हुई, जबकि बस चालक मौके से फरार हो गया।

बाराबंकी में तेज रफ्तार बस ने ऑटो को मारी टक्कर पिता और 5 साल की बेटी की मौत

Barabanki Road Accident: Father and 5-Year-Old Daughter Killed |

बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। नगर कोतवाली क्षेत्र के पलहरी में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो सवार पिता और उसकी पांच वर्षीय बेटी की मौत हो गई। हादसे में मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर मारने के बाद अज्ञात बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

तेज रफ्तार बस ने ऑटो में मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, एक परिवार ऑटो से कहीं जा रहा था। पलहरी के पास पहुंचने पर तेज रफ्तार अज्ञात बस ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ऑटो सवार करीब 40 वर्षीय मन्ने और उनकी पांच वर्षीय बेटी साईमा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मन्ने की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घायल महिला जिला अस्पताल में भर्ती

दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बस चालक फरार

इधर, हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार बस और चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे में शामिल वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। एक ही परिवार के पिता और मासूम बेटी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ ही फरार चालक की तलाश में जुटी है। 

यह भी पढ़ें:   मथुरा में सड़क हादसे में सेना के जवान की मौत, तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

Related to this topic: