बाराबंकी के लहड़रा गांव में 15 वर्षों से खराब संपर्क मार्ग को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है और सड़क निर्माण न होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है।
Barabanki Villagers Protest Over 15-Year-Old Damaged Road, Warn of Election Boycott |
बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। तहसील रामनगर की ग्राम पंचायत लहड़रा से जंगू सिंह पूर्वा जाने वाला लगभग 1100 मीटर लंबा संपर्क मार्ग पिछले करीब 15 वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ा हुआ है। सड़क पर लगा पुराना खड़ंजा पूरी तरह उखड़ चुका है, जिससे जगह-जगह बड़े गड्ढे, कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी रहती है। बारिश के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहन अक्सर फंस जाते हैं, जबकि राहगीर फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों ग्रामीणों का आवागमन होता है, लेकिन सड़क की बदहाली के कारण लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क केवल कागजों में बनी
ग्राम प्रधान राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि समाजवादी पार्टी सरकार के समय इस मार्ग पर डामर सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली थी। निर्माण के लिए रोड़े गिराए गए और बॉक्सिंग का कार्य भी कराया गया, लेकिन इसके बाद सड़क का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है, कि सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हुई, लेकिन सड़क केवल कागजों में बनकर रह गई। इस मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय और पोलिंग बूथ भी स्थित है, जिससे चुनाव के समय अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोक निर्माण विभाग से शिकायत की गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला।
रोड नहीं तो वोट नहीं
ग्राम प्रधान ने बताया कि पंचायत स्तर पर कई बार गड्ढों में ईंट और मिट्टी डलवाकर अस्थायी मरम्मत कराई गई है। बृहस्पतिवार को भी एक वाहन फंसने के बाद तत्काल मरम्मत कराई गई। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य सुखराज सिंह ने कहा कि यदि विधानसभा चुनाव से पहले सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो ग्रामीण चुनाव का बहिष्कार करेंगे। ग्रामीणों ने एक स्वर में "रोड नहीं तो वोट नहीं" के नारे लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा
इस संबंध में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अंगद सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव भेज दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विधानसभा चुनाव से पहले इस संपर्क मार्ग का डामरीकरण कराकर ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ग्रामीण बूथ अध्यक्ष रामकुमार तिवारी, समाजसेवी सुखराज सिंह, शिवम सिंह, महेश कुमार दीक्षित, अंकज दीक्षित, ताराशंकर पांडे, हरिश्चंद्र पांडे, रूपनारायण लोधी, रामगोपाल लोधी, भानु प्रसाद, दिलेराम, मनोज अवस्थी, पप्पू अवस्थी, अहमद अली, अनिल सिंह, अनूप पांडे, गुड्डू सिंह, शिवानंद, जगजीवन अवस्थी, दिनेश पांडे और शशांक पांडे सहित अनेक ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर हमेशा पानी भरा रहता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी होती है।
यह भी पढ़ेंः थाईलैंड के स्कूल में गोलीबारी से मचा हड़कंप, 3 छात्रों और 3 शिक्षकों समेत 6 की मौत