उत्तर प्रदेश के बरेली में मुहर्रम जुलूस के दौरान एक बच्चे को पाकिस्तान समर्थक नारे लगाने के लिए उकसाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
बरेली (उत्तर प्रदेश): नवाबगंज सर्कल ऑफिसर नीलेश मिश्रा ने बताया कि रविवार को मुहर्रम के जुलूस के दौरान पाकिस्तान समर्थक नारे लगाने के आरोप में बरेली पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान योगेंद्र पाल उर्फ जमन सिंह और भुवनेश कुमार उर्फ तेजपाल सिंह के रूप में हुई है। इन पर आरोप है कि उन्होंने एक बच्चे को 'पाकिस्तान जिंदाबाद' का नारा लगाने के लिए उकसाया। यह घटना हाफिजगंज पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले खैखेड़ा गांव में हुई।
बच्चे से आपत्तिजनक नारा लगवाने का वायरल हुआ था वीडियो
पुलिस अधिकारी ने बताया, ''सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 21 जून, 2026 को मुहर्रम के जुलूस के दौरान 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाने के संबंध में किए गए एक ट्वीट की जांच में पता चला है कि दो व्यक्तियों, योगेंद्र पाल उर्फ जमन सिंह और भुवनेश कुमार उर्फ तेजपाल सिंह ने जानबूझकर एक बच्चे को उक्त नारा लगाने के लिए उकसाया। परिणामस्वरूप, आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है, संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आवश्यक कानूनी कार्यवाही जारी है।'' बरेली पुलिस ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "खैखेड़ा गांव में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक घटना के संबंध में मामला दर्ज किया गया है, जिसमें दो व्यक्तियों ने दुर्भावनापूर्ण इरादे से एक बच्चे से आपत्तिजनक नारा लगवाया और उसका वीडियो वायरल कर दिया।"
मुख्यमार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाके में पुलिस ने किया गश्त
इस बीच, बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देश पर, सुभाष नगर पुलिस स्टेशन, अलीगंज पुलिस स्टेशन और मीरगंज पुलिस स्टेशन के कर्मियों द्वारा मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपराध नियंत्रण, शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए गश्त की गई। मुहर्रम इस्लामी चंद्र कैलेंडर का पहला महीना और इस्लामी नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक है। भारत में मुहर्रम प्रार्थना, उपवास और दान के साथ मनाया जाता है। यह शिया मुसलमानों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे इसे पैगंबर मुहम्मद के पोते इमाम हुसैन की कर्बला की लड़ाई में शहादत के लिए शोक की अवधि के रूप में मनाते हैं।