प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग प्रस्तावि

ऋषिकेश में फरवरी 2027 में होगी ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग, सीएम धामी से निर्माताओं ने की मुलाकात

ऋषिकेश के बीटल्स आश्रम में फरवरी 2027 में ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की।

ऋषिकेश में फरवरी 2027 में होगी ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग सीएम धामी से निर्माताओं ने की मुलाकात

Beatles Film Project Set for Rishikesh in February 2027, Producers Meet CM Dhami |

देहरादून (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की उत्तराखंड में शूटिंग को लेकर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘क्लोवर’ (CLOVER) नाम से प्रस्तावित इस परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया, जिसे बीटल्स आश्रम के नाम से भी जाना जाता है, में प्रस्तावित है।

ऑस्कर विजेता निर्देशक सैम मेंडेस कर रहे फिल्म का निर्देशन

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना का निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से बनाई जा रही इस परियोजना में ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। इस फिल्म श्रृंखला का नाम ‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ है। इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना प्रस्तावित है।

शूटिंग में 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और करीब 150 भारतीय क्रू सदस्य होंगे शामिल

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ऋषिकेश में प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्यों के साथ स्थानीय तकनीशियनों एवं अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ द्वारा किया जा रहा है। इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इसके साथ ही होटल, परिवहन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

उत्तराखंड की फिल्म नीति-2024 से निर्माताओं को मिल रहीं सुविधाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग लोकेशन के कारण देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित हो चुका है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाओं को उत्तराखंड में आकर्षित करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

बीटल्स आश्रम में शूटिंग से उत्तराखंड को मिलेगी वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश की विश्वभर में योग एवं आध्यात्मिक नगरी के रूप में विशिष्ट पहचान है। ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ का भी ऋषिकेश से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में यहां इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग से उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर और अधिक पहचान मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।

अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं का प्रतिनिधिमंडल रहा मौजूद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं। बैठक में ऋषिकेश में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग और उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की संभावनाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें:   सीएम पुष्कर सिंह धामी से अक्षय कुमार की मुलाकात, उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग संभावनाओं पर हुई चर्चा

Related to this topic: