बेंगलुरु के जेपी नगर में कार सवार बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर हलमुख राजा की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी। वहीं, सीगेहल्ली तिहरे हत्याकांड में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बेंगलुरु (कर्नाटक): कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने रोंगटे खड़े करने वाली वारदात को अंजाम दिया है। जेपी नगर रोड पर आईजी सर्कल के पास एक भीड़भाड़ वाली सड़क पर हथियारबंद हमलावरों ने एक हिस्ट्रीशीटर की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के पीछे कुख्यात गिरोहों के आपसी गैंगवार की आशंका जताई है।
सीसीटीवी में कैद हुई रोंगटे खड़े करने वाली वारदात
यह सनसनीखेज घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि रविवार शाम को पीले रंग की कार में सवार होकर आए हमलावरों ने राजा उर्फ 'हलमुख राजा' को बीच रास्ते में रोका। राजा जब अपनी जान बचाने के लिए भागा, तो हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसके जमीन पर गिर जाने के बाद भी धारदार हथियारों से उस पर लगातार ताबड़तोड़ वार करते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी कार में बैठकर फरार हो गए।
राजा पर दर्ज थे कई गंभीर मामले
चश्मदीदों ने यह खौफनाक मंजर अपनी आंखों से देखा। लहूलुहान हालत में राजा को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, मारे गए राजा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। राजा के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट के कई गंभीर मामले दर्ज थे।
पुरानी दुश्मनी और गैंगवार से जुड़े तार
पुलिस ने आशंका जताई है कि यह हत्या करीब एक दशक पहले बानाशंकरी के कुख्यात बदमाश 'कुट्टी' की हुई हत्या का बदला हो सकती है, जिसमें राजा मुख्य आरोपी था। इसके अलावा, बेंगलुरु पुलिस एक कुख्यात अपराधी अरसय्या के गिरोह और सुब्रमण्यपुरा दोहरे हत्याकांड से राजा के कथित संबंधों की भी जांच कर रही है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सीगेहल्ली तिहरे हत्याकांड में मुख्य आरोपी महिला और उसका दोस्त गिरफ्तार
इधर, बेंगलुरु पुलिस ने केआर पुरम थाना क्षेत्र के सीगेहल्ली में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए एक महिला और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 22 जून, 2026 को हुई थी, जब एक ही परिवार के तीन सदस्यों (52 वर्षीय सोमा सुंदर, उनकी 48 वर्षीय पत्नी मुथु लक्ष्मी और उनकी किशोर बेटी) की एक फ्लैट में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। जांच में पता चला कि पीड़ित अपनी बड़ी बेटी के फ्लैट पर गए थे, जहां वे अपनी एक महिला मित्र के साथ पिछले दो महीने से रह रही थी। वहां नोकझोंक के बाद हत्याकांड को अंजाम दिया गया। पुलिस ने 24 जून को पुडुचेरी से आरोपी महिला और 25 जून को उसके फरार दोस्त को पुडुचेरी से ही गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। अदालत ने महिला को 15 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
मीडिया और जनता से पुलिस की अपील
बेंगलुरु पुलिस ने कहा है कि इस तिहरे हत्याकांड से जुड़ी कई संवेदनशील जानकारियां सोशल मीडिया और न्यूज़ चैनलों पर प्रसारित होने से जांच में बाधा आ रही है। पुलिस आयुक्त कार्यालय ने आधिकारिक बयान जारी होने तक जनता और मीडिया से मामले में किसी भी अपुष्ट जानकारी को प्रसारित नहीं करने का अनुरोध किया है।