सूरजपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त करीब 21 लाख रुपये के मादक पदार्थों को नियमों के तहत नष्ट कर दिया।
सूरजपुर (छत्तीसगढ़)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 21 लाख रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। पुलिस लाइन परिसर में जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में अस्थायी भट्ठे में यह कार्रवाई की गई। नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार वीडियोग्राफी एवं दस्तावेजीकरण के साथ संपन्न कराई गई।
गांजा, इंजेक्शन और कफ सिरप किए नष्ट
पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के 10 प्रकरणों में जब्त 32 किलो 247 ग्राम गांजा, 45 गांजा के पौधे, 590 प्रतिबंधित इंजेक्शन, 176 कफ सिरप एवं 2,592 कैप्सूल नष्ट किए गए। इन मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत लगभग 21 लाख रुपये बताई गई है।
नियमों के तहत हुई नष्टीकरण की कार्रवाई
डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय की अधिसूचना तथा छत्तीसगढ़ शासन के 21 नवंबर 2024 के निर्देशों के अनुरूप की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर लगातार सख्ती बरती जा रही है और भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
नष्टीकरण की कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, जिला आबकारी अधिकारी अनिल मित्तल, पर्यावरण संरक्षण मंडल तथा वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, निरीक्षक जावेद मियादांद, प्रधान आरक्षक आशाराम लकड़ा, आरक्षक सोहेल राजा, उदय सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
यह भी पढ़े: बैतूल में 35 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर दी जान, पारिवारिक विवाद के चलते तनाव की आशंका