प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

BHU ने उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

भारतीय किसान यूनियन की ओर से उपजिलाधिकारी को सौंपा गया ज्ञापन

बहराइच जिला में भारतीय किसान यूनियन ने आज उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों की चार प्रमुख समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की है.

भारतीय किसान यूनियन की ओर से उपजिलाधिकारी को सौंपा गया  ज्ञापन

Bharatiya Kisan Union |

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिला में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश उपाध्यक्ष गुरुवंत सिंह चीमा के नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों की चार प्रमुख समस्याओं के जल्द समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी गई है कि अगर एक सप्ताह के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

ज्ञापन में किसानों ने मांग करते हुए लिखा...

ज्ञापन में किसानों ने मांग की है कि सहकारी एवं सरकारी समितियों पर किसानों की आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध कराई जाए। साथ ही निजी दुकानों द्वारा खाद की कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा मोतीपुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में किसानों को लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या से निजात दिलाने की मांग की गई। किसानों का कहना है कि धान की रोपाई और सिंचाई के समय बिजली की अनियमित आपूर्ति से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

अवैध स्पीड ब्रेकर्स को हटाने की भी की गई मांग

ज्ञापन में रोड किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण और अवैध स्पीड ब्रेकर्स को हटाने की भी मांग की गई। किसानों का कहना है कि कारीकोट मेला मैदान से रमपुरवा, मटेहि, चफ़रिया गांव होते हुए चफ़रिया बाजार तक सड़क किनारे अतिक्रमण और अवैध स्पीड ब्रेकर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।

मोतीपुर तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने की दी चेतावनी

इसके साथ ही खंभार खेड़ा चीनी मिल, लखीमपुर के अंतर्गत बहराइच के सात गन्ना क्रय केंद्रों का करीब एक वर्ष से लंबित गन्ना भुगतान तत्काल कराने की मांग भी उठाई गई। भारतीय किसान यूनियन ने कहा है कि अगर सात दिनों के भीतर सभी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो किसान हित में मोतीपुर तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान मलकीत सिंह, हरपाल सिंह, गुरप्रताप सिंह के साथ काफी लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- रायबरेली में करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत, संदिग्ध हालात में पुलिस जांच शुरू
 

Related to this topic: