बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले JDU में नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच विवाद खुलकर सामने आया। बैठक में ललन सिंह की गैरमौजूदगी से भी पार्टी में नाराजगी दिखी।
पटना (बिहार)। बिहार में विधान परिषद के 8 सीटों पर चुनाव होने वाले हैं और इसको लेकर बिहार में सियासत तेज हो चुकी है। एनडीए जहां महागठबंधन पर आरोप लगाते नहीं थकता था कि महागठबंधन में सिर फुटौवल की स्थिति है, लेकिन बीते कुछ दिनों से पटना स्नातक क्षेत्र के जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार और जेडीयू विधायक अनंत सिंह के बीच की नाराजगी अब खुलकर सामने सामने की लड़ाई बन चुकी है।
नीरज-अनंत विवाद ने बढ़ाई JDU की मुश्किल
बिहार में विधान परिषद चुनाव की तैयारियों में सारे पार्टियों के लोग लगे हुए है और अपनी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए तमाम तरह के प्रयास करते हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन जेडीयू की बात करे तो जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार और जेडीयू विधायक अनंत सिंह के बीच सुलह करवाने की तमाम कोशिश नाकाम होते दिखाई दे रही है और ये दोनों अब खुलकर आमने सामने नजर आ रहे है। अनंत सिंह का कहना है कि नीरज कुमार ने हर चुनाव में मेरे खिलाफ काम किया है और साजिश के तहत हमको जेल भिजवाया है। हम किसी कीमत में नीरज कुमार का साथ नहीं देंगे और नीरज कुमार का जमानत जब्त कराएंगे।
बैठक से दूर रहे अनंत, बढ़ी सियासी तल्खी
कल पटना जेडीयू कार्यालय में जेडीयू के तमाम मंत्रियों, विधायकों, विधान पार्षदों और नेताओं की अहम बैठक बुलाई गई थी और इस बैठक में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच सुलह कराए जाने की चर्चा थी लेकीन अनंत सिंह इस बैठक में नहीं पंहुचे और दोनों के बीच सुलह के जगह खुलकर लड़ाई सामने आ गई। नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर पलटवार करते हुए उन्हें अपराधी और राजनीति में फर्जी व्यक्ति तक बता दिया।
ललन सिंह को नहीं बुलाने पर विधायकों में नाराजगी
जेडीयू की परेशानी सिर्फ नीरज-अनंत के बीच का विवाद ही नहीं है। शनिवार को जेडीयू के बैठक में जेडीयू के वरिष्ठ नेता सह सांसद ललन सिंह को नहीं बुलाए जाने पर पार्टी के कई विधायकों में नाराजगी देखी गई। पार्टी के विधायकों की नाराजगी देखने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सफाई देते हुए कहा कि ये बैठक विधान मंडल के सदस्यों के लिए था इसलिए उनको नहीं बुलाया गया था।
JDU की एकजुटता पर उठे सवाल, कलह आई सामने
बहरहाल जेडीयू की एकजुटता दिखाने के लिए आयोजित किए गए बैठक में कहीं से एकजुटता तो नहीं दिखी लेकिन पार्टी के अंदर चल रही आंतरिक कलह खुलकर आमने आ गई है। अब आने वाले समय में देखना काफी दिलचस्प होगा कि पार्टी के अंदर चल रही इस कलह को पार्टी नेतृत्व कैसे दूर करती है।
यह भी पढ़ें: छठी का भोज खाने निकले युवक की सड़क किनारे मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस