Bihar: Young man's body found hanging from a tree in Motihari; family accuses girlfriend's relatives of murder. |
मोतिहारी (बिहार): जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जैल मुरारपुर गांव के सरेह में एक पेड़ से युवक का शव लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
फतुआ गांव की है घटना
मृतक की पहचान कोटवा थाना क्षेत्र के फतुआ गांव निवासी नथनी राम के पुत्र शिव कुमार राम के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही हरसिद्धि थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं।
बहन ने प्रेमिका पर लगाया आरोप
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की बहन ने आरोप लगाया है कि उसके भाई की हत्या प्रेम प्रसंग के कारण की गई है। उनका कहना है कि शिव कुमार का अपनी बहन की ननद की बेटी से प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले दोनों को साथ पकड़े जाने के बाद पंचायत हुई थी, जिसमें युवक पर आर्थिक दंड भी लगाया गया था।
पंचायत के बावजूद युवक चोरी-छिपे जाता था अपनी प्रेमिका से मिलने
परिजनों के अनुसार, पंचायत के बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा और युवक चोरी-छिपे अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव जाता था। बहन का आरोप है कि बीती रात प्रेमिका के परिजनों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो। इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा मामला
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी जारी हैं।
यह भी पढ़ेंः RSS के रांची कार्यालय पर हमले में गिरफ्तार लोग ISI-समर्थित TTH से जुड़े थे- सूत्र