कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के ग्राम सदुपुरा के जंगल में 2 दिन से लापता पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पति का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी का शव गंगा किनारे पड़ा हुआ मिला।
बिजनौर {उत्तर प्रदेश}: कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के ग्राम सदुपुरा के जंगल में 2 दिन से लापता पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पति का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी का शव गंगा किनारे पड़ा हुआ मिला। दोनों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
2 दिन से लापता थे पति-पत्नी
परिजनों के मुताबिक, दोनों पति-पत्नी खेत पर लकड़ी लेने गए थे। इसके बाद वे घर वापस नहीं लौटे। देर रात तक परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद आज सुबह जंगल में दोनों के शव मिलने की सूचना मिली। पति का शव पेड़ पर लटका हुआ था, जबकि पत्नी का शव गंगा किनारे पड़ा मिला।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
दोनों पति-पत्नी के शव एक साथ संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। एसपी सिटी कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि 2 दिन पहले दोनों पति-पत्नी की गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई गई थी। उनकी तलाश की जा रही थी। आज दोनों के शव जंगल में मिले हैं। उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में दिन निकलते ही सनसनीखेज वारदात, 50 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या