भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शमिक भट्टाचार्य ने दक्षिण 24 परगना जिले के फलता में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी।
कोलकाता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शमिक भट्टाचार्य ने दक्षिण 24 परगना जिले के फलता में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने अपने शासनकाल में इतना अत्याचार और भ्रष्टाचार किया है कि जनता अब उसे विधानसभा चुनाव में सजा देने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि फलता इसका सबसे बड़ा गवाह है।
21 मई को होगा फिर से मतदान
फलता विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को दोबारा चुनाव कराया जा रहा है। इससे पहले शनिवार को शुभेंदु अधिकारी ने यहां चुनावी सभा की थी। उनके बाद रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शमिक भट्टाचार्य ने जनसभा को संबोधित किया।
टीएमसी पर लगाए गंभीर आरोप
शमिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं ने लोगों को भाजपा को वोट देने से रोकने के लिए डराया-धमकाया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भाजपा को वोट दिया, उन पर हमले किए गए और भाजपा समर्थक महिलाओं को भी प्रताड़ित किया गया।
महिलाओं के आंदोलन के बाद हुआ फैसला
उन्होंने कहा कि चुनाव में भारी धांधली हुई थी, जिसके खिलाफ महिलाओं ने दोबारा मतदान कराने की मांग को लेकर आंदोलन किया। इसके बाद चुनाव आयोग ने पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया। भाजपा नेता ने दावा किया कि इस बार टीएमसी को एक भी वोट नहीं मिलेगा।
भाजपा के प्रति बढ़ा जनता का भरोसा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में बंगाल की जनता ने भाजपा के प्रति अपार विश्वास जताया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर बंगाल के अधिकांश जिलों में टीएमसी को एक भी सीट नहीं मिली, जबकि दक्षिण बंगाल में उसे कुछ सीटें जरूर हासिल हुई हैं।
“अब चलेगा कानून का शासन”
शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जो वादे किए थे, उन्हें राज्य सरकार पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि अब राज्य में कानून का शासन चलेगा और अत्याचारियों तथा भ्रष्ट लोगों को सजा जरूर मिलेगी।
2021 चुनाव का भी किया जिक्र
सभा के दौरान उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए कथित अत्याचारों का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को लंबे समय तक हिंसा और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा, लेकिन अब जनता बदलाव चाहती है।
यह भी पढ़े: राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग
https://www.primenewsnetwork.in/state/fire-breaks-out-in-rajdhani-express/205481