राजधानी लखनऊ में पिछले दिनों हुई भारतीय जनता पार्टी के विधायकों की बैठक के बाद पार्टी नेतृत्व अब डैमेज कंट्रोल में जुट गया है। भाजपा के ब्राह्मण विधायकों की बैठक का हाईकमान ने संज्ञान लिया है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पिछले दिनों हुई भारतीय जनता पार्टी के विधायकों की बैठक के बाद पार्टी नेतृत्व अब डैमेज कंट्रोल में जुट गया है। भाजपा के ब्राह्मण विधायकों की बैठक का हाईकमान ने संज्ञान लिया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए नकारात्मक राजनीति से दूर रहने की सलाह दी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ब्राह्मण विधायकों को दी नसीहत
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ब्राह्मण विधायकों को नसीहत देते हुए नेताओं को इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी है और कहा कि नकारात्मक राजनीति से दूर रहें नहीं तो कार्रवाई होगी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने साफ शब्दों में कहा कि ऐसी गतिविधियों से समाज में गलत संदेश जाता है। अगर भविष्य में किसी भी जनप्रतिनिधि ने इस तरह की गतिविधि दोहराई तो पार्टी स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
समाजवादी पार्टी ने भाजपा में मचे घमासान को लेकर कसा तंज
समाजवादी पार्टी ने भाजपा में मचे घमासान को लेकर तंज कसा है। सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि साफ है कि पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं है। फखरुल हसन ने कहा कि जो ब्राह्मण विधायक है, वो पूरे प्रदेश में ब्राह्मणों के साथ ही दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे अन्याय को लेकर अपनी आवाज को बुलंद कर रहे हैं। दूसरी तरफ प्रदेश अध्यक्ष हैं वो कहीं न कहीं अनुशासन का पाठ पढ़ाकर अत्याचार के विरोध में उठ रही आवाज को दबा देना चाहते हैं। बता दें कि इससे पहले समाजवादी पार्टी, बीजेपी के ब्राह्मण विधायकों को उनके साथ आने का ऑफर भी दे चुकी है।
विधायक पीएन पाठक के सरकारी आवास पर हुई थी ब्राह्मण विधायकों की बैठक
मालूम हो कि मंगलवार को कुशीनगर के भाजपा विधायक पीएन पाठक के सरकारी आवास पर ब्राह्मण विधायकों की बैठक हुई थी। इसे नाम तो 'सहभोज' का दिया गया था लेकिन इसके भीतर पक रही सियासी खिचड़ी के सुर पूरी तरह से 'बगावती' और 'अस्तित्व' बचाने की लड़ाई के नजर आए थे। इस बैठक के बाद राज्य के सत्ताधारी दल बीजेपी का अनुशासन तार तार होता नजर आया था। अब बीजेपी नेतृत्व डैमेज कंट्रोल में जुट गया है।
ब्राह्मण विधायकों की बैठक के बाद पंकज चौधरी ने बयान जारी कर नेताओं को दी चेतावनी
ब्राह्मण विधायकों की बैठक के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बड़ा बयान जारी कर पार्टी नेताओं को चेतावनी दी है। पंकज चौधरी ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ा रुख अपनाते हुए पार्टी के जनप्रतिनिधियों को हिदायत दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि भाजपा अपने संविधान और आदर्शों के खिलाफ किसी भी तरह की नकारात्मक राजनीति या जातिगत समूहबंदी को स्वीकार नहीं करेगी। पंकज चौधरी ने कहा कि कुछ जनप्रतिनिधियों की ओर से समाज विशेष को लेकर चर्चाओं की खबरें सामने आई थीं, और इस पर पार्टी ने बेहद सतर्कता के साथ आंतरिक बातचीत की है।
प्रदेश अध्यक्ष ने जातिगत आयोजनों को बताया पार्टी की विचारधारा के खिलाफ
पंकज चौधरी ने अपने बयान से सभी को साफ संदेश दे दिया गया है कि इस तरह की गतिविधियाँ भाजपा की स्थापित परंपराओं और संविधान के अनुकूल नहीं हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह की बैठकों या कथित जातिगत आयोजनों से दूर रहना जरूरी है, क्योंकि यह पार्टी की विचारधारा के खिलाफ है। उन्होंने पार्टी नेताओं को याद दिलाया कि भाजपा एक सिद्धांत आधारित राजनीतिक संगठन है, जो किसी परिवार या वर्ग विशेष को केंद्र में रखकर राजनीति नहीं करती। विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों का भविष्य अंधकार में है, इसलिए वे भाजपा के खिलाफ नकारात्मक नैरेटिव बनाकर राजनीति करने की कोशिश कर रही हैं। लेकिन भाजपा संगठन अपने सिद्धांतों और अनुशासन के साथ आगे बढ़ेगा। अंत में उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भाजपा के प्रत्येक जनप्रतिनिधि को पार्टी की मर्यादा, संविधान और अनुशासन का पालन करना चाहिए— यही भाजपा की असली पहचान है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/railways-new-fare-rates-effective-from-today-impacting-long-distance-travel/102539
भारतीय रेलवे की नयी किराया दरें आज से प्रभावी, लंबी दूरी की यात्रा पर असर