रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा नदी के रमपुरा घाट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया।
रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा नदी के रमपुरा घाट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। क्षमता से अधिक भार होने के कारण 16 यात्रियों और 5 मोटरसाइकिलों को ले जा रही एक नाव बीच मझधार में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान घाट पर मौजूद चार स्थानीय युवकों ने अपनी जान की परवाह किये बिना नदी में छलांग लगा दी और सभी डूबते हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
नाव ओवरलोडिंग, इसी वजह से डूबी
जानकारी के अनुसार, यह नाव देवरी के रमपुरा घाट से नरसिंहपुर जिले के रिछावर घाट की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नाव में क्षमता से कहीं अधिक वजन था। नाव में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 8 पुरुष सवार थे, साथ ही 5 मोटरसाइकिलें भी लदी हुई थीं। भारी वजन के कारण नाव बीच नदी में पहुँचते ही डगमगाने लगी और धीरे-धीरे उसमें पानी भरने लगा। यात्रियों को कुछ समझ आता, उससे पहले ही नाव अचानक पलट गई।
उफनती नदी में चार बहादुर जाबांजों ने लगाए छलांग
जैसे ही नाव पलटी, घाट पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर किनारे पर खड़े चार बहादुर युवकों ने तत्काल बिना देरी किए उफनती नदी में छलांग लगा दी। इन जांबाज युवाओं ने एक-एक कर सभी 16 यात्रियों को सुरक्षित किनारे तक पहुँचाया। उनकी इस तत्परता और बहादुरी के कारण एक बड़ी जनहानि टल गई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
5 मोटरसाइकिल पानी में डूबी, गोताखोरों ने 3 को निकाला
हादसे में नाव पर सवार सभी 5 मोटरसाइकिलें नदी के गहरे पानी में डूब गईं। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद अब तक 3 बाइकों को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 2 की तलाश अभी भी जारी है।
मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची। रायसेन एसपी आशुतोष गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, यह एक गंभीर हादसा था जो स्थानीय युवाओं की बहादुरी से टल गया। उन युवाओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों को बचाया। साथ ही, ओवरलोडिंग के मामले की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/kidnapping-in-gwalior-in-a-filmy-style-criminals-fled-after-seeing/153250