सहारनपुर के सदर बाजार क्षेत्र में एक मकान से युवक और युवती के शव मिले। पुलिस प्रेम-प्रसंग के एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित एसबीआई कॉलोनी के तिरंगा चौक के पास देर रात एक मकान में युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर पुलिस ने बरामद किए दोनों शव
सूचना मिलने पर सदर बाजार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। बताया गया कि एक व्यक्ति ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा था और काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।पुलिस ने कमरे की खिड़की से अंदर देखा तो परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद आसपास के लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर पुलिस कमरे में दाखिल हुई, जहां एक पुरुष और एक महिला के शव पड़े मिले।
फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट टीम को मौके पर बुलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक नगर भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मृतक की उम्र करीब 39 वर्ष है, जो मूल रूप से केरल का निवासी था और सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत था। मृतका की उम्र लगभग 24 वर्ष बताई गई है, जो थाना गागलहेड़ी क्षेत्र की रहने वाली थी।प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस के मुताबिक मृतक ने पहले अपने हाथ की कलाई की नस काटी और उसके बाद कमरे की खिड़की से पार्शियल हैंगिंग कर आत्महत्या की।
मृतका के विषैले पदार्थ सेवन किए जाने की आशंका
वहीं मृतका द्वारा किसी विषैले पदार्थ का सेवन किए जाने की आशंका है। महिला के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
यह भी पढ़ेंः घर की मरम्मत कर रहे 16 वर्षीय बालक कि करंट लगने से मौत, पुलिस कर रही मामले की जांच