काशी, अयोध्या और मथुरा के धार्मिक स्थलों समेत वाराणसी के कई प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की कथित धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। काशी, अयोध्या और मथुरा में बम धमाकों की कथित धमकी मिलने के बाद वाराणसी पुलिस अलर्ट हो गई है। नगर निगम की आधिकारिक ईमेल आईडी समेत पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और शैक्षणिक संस्थानों को धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं। इनमें बीएचयू स्थित केंद्रीय विद्यालय और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की बात कही गई है। मामले की जानकारी केंद्रीय एजेंसियों को दे दी गई है। पुलिस ने जिले की सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने के साथ आने-जाने वाले वाहनों और लोगों की सघन जांच शुरू कर दी है।
दीपावली पर मंदिरों में धमाके की धमकी
धमकी मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने और सड़क पर उतरकर निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। ईमेल में नगर निगम के मेयर कार्यालय में बम धमाका करने की चेतावनी दी गई है। साथ ही दीपावली के दिन सुबह नौ से 11 बजे के बीच मंदिरों में विस्फोट करने की धमकी दी गई है।
1984 के सिख दंगों का भी जिक्र
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संदेश भेजने वाली ईमेल आईडी दलजीत दोसांझ के नाम पर बताई जा रही है। संदेश के नीचे खालिस्तान नेशनल आर्मी लिखा गया है। ईमेल में 1984 के सिख दंगों का जिक्र करते हुए बदले की बात कही गई है। पुलिस कमिश्नर ने एसीपी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि 80 प्रतिशत पुलिसकर्मी चौक-चौराहों और बाजारों में तैनात रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें। साइबर टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
वाराणसी में इससे पहले 13 फरवरी को जिला जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर कचहरी परिसर में विस्फोट की धमकी मिली थी। शहर में 7 मार्च 2006 को संकट मोचन मंदिर और कैंट रेलवे स्टेशन पर बम धमाके हुए थे। 23 नवंबर 2007 को कचहरी परिसर और 7 सितंबर 2010 को शीतला घाट पर भी विस्फोट हो चुका है। ताजा धमकी के बाद पुलिस ने प्रमुख स्थानों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। बम निरोधक दस्ते के साथ डॉग स्क्वाड को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों को मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ेंः अमेठी में मेले से लौट रही महिला से बाइक सवार युवकों ने की छेड़छाड़