उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक भाई ने अपनी ही बहन की हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंक दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
फतेहपुर: जनपद के हसवा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक भाई ने अपनी ही बहन की हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंक दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
आरोपी ने स्वीकार किया अपना अपराध
जानकारी के अनुसार, धनवा गांव निवासी संदीप यादव ने अपनी 19 वर्षीय विवाहित बहन रंजू यादव की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी स्वयं हसवा पुलिस चौकी पहुंचा और अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने कुएं से शव को बरामद कर कब्जे में लिया
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर थरियांव थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कुएं से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
बहन के चरित्र पर संदेह के बाद घटना को दिया अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी बहन के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कुछ दिन पहले अहमदाबाद से फतेहपुर आया था। वह बहन को उसकी ससुराल सोनई बड़नपुर से अपने साथ हसवा क्षेत्र के जंगल में ले गया, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया और शव को कुएं में फेंक दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मृतका रंजू यादव की शादी पिंटू उर्फ अजय यादव निवासी सोनई बड़नपुर, थाना राधानगर के साथ हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
वारदात की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना का खुलासा करने और त्वरित कार्रवाई के लिए स्थानीय लोगों ने पुलिस की सराहना की है।