चंदौली में अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने भैंस चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी की भैंस, पिकअप, मोबाइल और नकदी बरामद की।
चंदौली (उत्तर प्रदेश)। अलीनगर पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से भैंस चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक भैंस, पिकअप वाहन, छह मोबाइल फोन और 23,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चंदौली जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक मवेशी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
कई महीनों से मिल रही थीं भैंस चोरी की शिकायतें
पुलिस के अनुसार, पिछले कई महीनों से जिले में भैंस चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम गिरोह की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रेवसा रेलवे ब्रिज के नीचे कुछ लोग पिकअप में चोरी की भैंस लाद रहे हैं।
पिकअप ब्रिज के पिलर से टकराई
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने चालक को वाहन पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने के लिए कहा। चालक ने पिकअप को तेज गति से पुलिसकर्मियों की ओर बढ़ाया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर ब्रिज के पिलर से टकरा गया।पुलिसकर्मियों ने अपनी जान बचाते हुए वाहन चालक समेत सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
आठ आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में मो. याकूब निवासी वाराणसी, विजय चौहान उर्फ रिंकू निवासी सकलडीहा, आनंद मौर्य निवासी सारनाथ, ओम प्रकाश नट, नितेश कुमार और विनोद नट निवासी कैमूर बिहार, सटरु हुसैन निवासी चंदौली और अखिलेश नट निवासी बक्सर बिहार शामिल हैं।
रेकी के बाद रात में करते थे भैंस चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन और रात में गांवों में घूमकर सुनसान स्थानों पर बंधी भैंसों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में चोरी कर पिकअप से बिहार ले जाकर कम कीमत पर बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अलीनगर, सकलडीहा, चंदौली, सैयदराजा, चकिया और इलिया थाना क्षेत्रों में हुई मवेशी चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया है।
BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज
अलीनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
यह भी पढ़े: जौनपुर में दो युवकों को गोली मारने का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार