बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में बदायूं रोड पर शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर लड़ रहे दो सांड अचानक बाइक के सामने आ गए, जिससे मोटरसाइकिल सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
बरेली {उत्तर प्रदेश}: बरेली भमोरा थाना क्षेत्र के बदायूं रोड पर शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क पर आपस में लड़ रहे दो सांडों की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार 22 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसका 14 वर्षीय साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
नामकरण संस्कार का सामान लेने जा रहे थे दोनों
मृतक की पहचान चकरपुर गांव निवासी ओमकार (22) पुत्र स्वर्गीय बालकराम के रूप में हुई है। शनिवार रात वह अपने 14 वर्षीय पड़ोसी अमन के साथ बाइक से देवचरा जा रहा था। दोनों गांव में एक पड़ोसी के यहां आयोजित बच्चे के नामकरण संस्कार की दावत के लिए सामान खरीदने निकले थे।
अचानक सामने आ गए सांड
बदायूं रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंचते ही सड़क पर लड़ रहे दो सांड अचानक उनकी बाइक के सामने आ गए और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ओमकार और अमन बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को भमोरा के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने ओमकार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमन का इलाज जारी है।
अकेला रहता था मृतक, तीन बहनों का रो-रोकर बुरा हाल
ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार ने बताया कि ओमकार के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। वह घर में अकेला रहता था और उसकी तीन विवाहित बहनें हैं। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: बहराइच में राखी बंधवाने गांव आया युवक मालगाड़ी के आगे कूदा, मौत