अगर आप भी रॉन्ग साइड गाड़ी चलाते हैं या बिना सोचे-समझे सड़क पार करने की कोशिश करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।
रामपुर, उत्तर प्रदेश | अगर आप भी रॉन्ग साइड गाड़ी चलाते हैं या बिना सोचे-समझे सड़क पार करने की कोशिश करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार अब अपनों की मौत का गम मना रहा है। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने स्कूटी सवार पिता और उनकी दो बेटियों को ऐसी टक्कर मारी कि तीनों की मौत हो गई। हादसे की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
नेशनल हाईवे पर हुआ भीषण हादसा
रामपुर के थाना भोट क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक पिता अपनी दो बेटियों के साथ स्कूटी से बिलासपुर शॉपिंग करने गए थे। शॉपिंग के बाद जब तीनों वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में रॉन्ग साइड मोड़ते समय तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद 50 मीटर तक घिसटी स्कूटी
टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूटी सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे, जबकि स्कूटी बस के अगले पहिए में फंस गई और करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसा देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
अस्पताल में तीनों ने तोड़ा दम
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने पिता और छोटी बेटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि बड़ी बेटी की हालत गंभीर होने पर उसे मुरादाबाद के कॉसमॉस अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
बताया जा रहा है कि बड़ी मृतिका युवती की 18 तारीख को शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन दुल्हन बनने से पहले ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है, जबकि बस चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़े: पहली बार होगी डिजिटल और जातीय गणना
https://www.primenewsnetwork.in/state/cm-yogi-launches-up-census-2027-digital-caste-based-counting-begins/183472