UP News : उत्तर प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर चुनाव आयोग उपचुनावों की घोषणा इसी महीने करेगा...
UP News : उत्तर प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर चुनाव आयोग उपचुनावों की घोषणा इसी महीने करेगा। यूपी की घोसी, फरीदपुर और दुद्धी विधानसभा सीट इस समय रिक्त हैं। राज्य में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के पश्चात 10 अप्रैल को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होना है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन सीटों के लिए उपचुनाव की अधिसूचना 10 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 के बीच घोषित की जा सकती है। इन तीन सीटों में 2 पूर्वांचल और 1 सीट रुहेलखंड में है। यूपी में यदि इन सीटों पर उपचुनाव का एलान होता है तो अगले साल 2027 के विस चुनाव से पहले यह सेमीफाइनल हो साबित हो सकता है।
यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, प्रदेश में वोटर लिस्ट के हो रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) की प्रक्रिया के पूरा होने का इंतजार किया जा रहा है। इसी 10 अप्रैल को वोटर लिस्ट जारी होनी है। इसके के बाद तीन सीटों पर होने वाले उपचुनाव के कार्यक्रम को अंतिम रूप देकर चुनाव की तारीख का ऐलान किया जा सकता है। पहले इन सीटों पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के साथ उपचुनाव की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन एसआईआर के कारण तब आयोग ने चुनाव का एलान नहीं किया था। संविधान के मुताबिक किसी भी राज्य के आम चुनाव में अगर 6 महीने से ज्यादा का वक्त है, तो उपचुनाव कराना अनिवार्य है।
मालूम हो कि सूबे की घोसी, फरीदपुर और दुद्धी विधानसभा सीट वहां के विधायकों के निधन के कारण खाली चल रही है। जिन तीन सीटों पर उपचुनाव होना है, उनमें दो सपा और एक भाजपा के पास थी। मऊ जनपद की घोसी सीट गत 20 नवंबर को सपा विधायक सुधाकर सिंह के निधन से चलते खाली हुई थी। सुधाकर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दारा सिंह चौहान को चुनाव हराकर इस सीट पर कब्जा जमाया था।
बरेली जिले की फरीदपुर विधानसभा सीट पर चुनाव जीते भाजपा के श्याम बिहारी लाल का जनवरी के पहले सप्ताह में हार्ट अटैक से निधन होने के कारण यह सीट रिक्त हो गई। भाजपा के टिकट पर दूसरी बार विधायक बने श्याम बिहारी लाल ने यह सीट महज 2921 वोटों से जीती थी। वहीं सोनभद्र की दुद्धी (आरक्षित सीट) से विधायक विजय सिंह गोंड का 8 जनवरी, 2026 को निधन हो गया था। विजय सिंह गोंड (71) आदिवासी राजनीति के दिग्गज थे। वे 8 बार विधायक रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उपचुनाव में विजय के लिए रणनीतिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इन सीटों पर पिछले चुनाव परिणामों पर नजर डालें तो मुक़ाबला रोचक हो सकता है। विधानसभा चुनाव से पूर्व हो रहे इस सेमीफाइनल में सीएम योगी आदित्यनाथ तीनों सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों को विजयी बनाकर राज्य का सियासी समीकरण अपने पक्ष में करना चाहते हैं। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव तीनों सीटें जीतकर अपनी मनोवैज्ञानिक लीड बरकरार रखना चाहते हैं। याद रहे कि पूर्वांचल में 2022 के उपचुनाव में भाजपा को झटका देते हुए समाजवादी पार्टी ने घोसी और दुद्धी उपचुनाव में बीजेपी को पराजित कर बड़ा झटका दिया था।
मालूम हो कि मऊ जनपद की घोसी सीट पर सीएम योगी के तमाम प्रयासों के बाद भी सुधाकर सिंह ने दारा सिंह चौहान को शिकस्त दी थी। इसी प्रकार सोनभद्र की दुद्धी विधानसभा सीट पर भी सीएम योगी सपा विधायक विजय सिंह गोंड को जीतने से रोक नहीं सके थे।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पार्टी की तैयारियों को धार देते हुए अपनी पुरानी सीटों पर कब्जा बरकरार रखने के लिए उम्मीदवारों के नाम पहले ही तय कर दिये हैं। घोसी सीट पर सुधाकर सिंह के बेटे सुजीत सिंह का नाम घोषित कर चुकी है। दुद्धी सीट पर विजय सिंह गोंड के परिवार के किसी व्यक्ति को चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान कर चुके हैं। घोसी सीट पर भाजपा की तरफ से पूर्व विधायक विजय राजभर, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय और समाजसेवी अजय जायसवाल मुख्य दावेदार हैं। इस सीट पर ओबीसी वोटर निर्णायक हैं।
इसलिए अब इन तीनों ही सीटों पर सपा और भाजपा के बीच सीधा चुनावी संघर्ष होता दिखेगा। यह भी कहा जा रहा है कि इस उपचुनाव के चुनाव परिणाम से अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की वैचारिक पृष्ठभूमि तैयार होगी।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/indian-lpg-carrier-safely-crosses-hormuz-ministry-denies-oil-payment-issues/154451