पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देश पर गुरुवार को अवैध अतिक्रमण हटाए गए. इसके साथ ही कहा गया कि ये अतिक्रमण आगे भी जारी रहेंगे.
चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली में पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देश पर गुरुवार को नगर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना रहा।
सड़क किनारे से हटाए गए अस्थायी अतिक्रमण
अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा, यातायात प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश यादव और मुगलसराय कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर पहुंचकर सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, खोमचे और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटवाए। इसके साथ ही दुकानदारों और ठेला संचालकों को भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी गई।
अतिक्रमण हटाने को लेकर अधिकारियों ने कहा...
अधिकारियों ने कहा कि सड़कें आमजन के आवागमन के लिए हैं। किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाता है। इसलिए सभी व्यापारियों और ठेला संचालकों से निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय संचालित करने की अपील की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
अभियान के दौरान कई ठेला संचालकों ने स्वयं अपने ठेले हटाए, जबकि कुछ स्थानों पर पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाया। पुलिस ने चेतावनी दी है कि दोबारा सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर को अतिक्रमण मुक्त रखने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सभी नागरिकों से सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
ये भी पढे़ं- रायबरेली में कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां हुईं पूरी, कांवडियों के लिए किए गए विशेष इंतजाम